Lucknow Airport Eat Right Campus: राजधानी लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट ने एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए देश का पहला ‘ईट राइट कैंपस’ बनने का गौरव प्राप्त किया है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने एयरपोर्ट को खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और गुणवत्ता के उच्च मानकों का पालन करने पर यह प्रमाणपत्र प्रदान किया है। एयरपोर्ट को FSSAI की ओर से थ्री-स्टार कंप्लायंस रेटिंग भी मिली है।
दो वर्षों तक रहेगा मान्य
FSSAI की ओर से जारी यह प्रमाणपत्र 24 मार्च 2026 से 23 मार्च 2028 तक वैध रहेगा। यह मान्यता एयरपोर्ट परिसर में संचालित सभी फूड आउटलेट्स और खाद्य सेवा प्रदाताओं के व्यापक थर्ड-पार्टी ऑडिट के बाद दी गई है।
चार प्रमुख मानकों पर हुआ मूल्यांकन
ऑडिट के दौरान सुरक्षित भोजन, स्वस्थ भोजन, टिकाऊ (सस्टेनेबल) भोजन और खाद्य सुरक्षा संबंधी जागरूकता जैसे चार प्रमुख मानकों पर एयरपोर्ट का आकलन किया गया। इसके अलावा फूड आउटलेट्स की स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता और यात्रियों व फूड हैंडलर्स के बीच जागरूकता बढ़ाने के प्रयासों की भी समीक्षा की गई।
एडीएम ने सौंपा प्रमाणपत्र
यह प्रमाणपत्र लखनऊ पूर्व के अपर जिलाधिकारी महेंद्र पाल सिंह ने औपचारिक रूप से एयरपोर्ट प्रशासन को सौंपा। अधिकारियों के अनुसार, यह उपलब्धि एयरपोर्ट पर यात्रियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
खाद्य सुरक्षा में नई मिसाल
थ्री-स्टार रेटिंग के साथ लखनऊ एयरपोर्ट ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के क्षेत्र में नई मिसाल कायम की है। यह उपलब्धि न केवल यात्रियों का भरोसा बढ़ाएगी, बल्कि देश के अन्य एयरपोर्ट्स के लिए भी एक मानक स्थापित करेगी।
