Site icon News1India

Anganwadi Jobs : लखनऊ में आंगनवाड़ी केकितने पदों पर होगी भर्ती, 12वीं पास महिलाओं को मौका, बिना परीक्षा होगा चयन

Lucknow Anganwadi Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आंगनवाड़ी भर्ती का इंतजार कर रही महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला कार्यक्रम अधिकारी की ओर से आंगनवाड़ी सहायिका और कार्यकत्री के खाली पदों पर आवेदन मांगे गए हैं। इस भर्ती के तहत कुल 428 पद भरे जाएंगे। इनमें सहायिका के 356 और कार्यकत्री के 72 पद शामिल हैं। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आधिकारिक वेबसाइट upanganwadibharti.in पर शुरू हो चुकी है। आवेदन करने की अंतिम तारीख 3 दिसंबर 2026 है।

कौन कर सकता है आवेदन

इस भर्ती में केवल महिला अभ्यर्थी आवेदन कर सकती हैं। उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है। आवेदिका की न्यूनतम उम्र 18 साल और अधिकतम 35 साल निर्धारित की गई है। उम्र की गणना के लिए हाईस्कूल की मार्कशीट में दर्ज जन्मतिथि मान्य होगी। इसके अलावा महिला उम्मीदवार का संबंधित ग्राम सभा या शहरी क्षेत्र के संबंधित वार्ड का निवासी होना जरूरी है।

बिना परीक्षा होगा चयन

आंगनवाड़ी भर्ती में किसी तरह की लिखित परीक्षा नहीं होगी। उम्मीदवारों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा। मेरिट लिस्ट इंटरमीडिएट से लेकर पोस्ट ग्रेजुएशन तक प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार होगी। नियमानुसार बीपीएल, विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाओं को निर्धारित छूट भी मिलेगी। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयन सूची आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।

आवेदन में रखें सावधानी

विधवा अभ्यर्थियों के लिए संबंधित पंचायत अधिकारी या नगर निकाय की ओर से जारी मृत्यु प्रमाण पत्र और परिवार पंजिका की प्रमाणित नकल मान्य होगी। वहीं तलाकशुदा या परित्यक्ता महिलाओं को न्यायालय का आदेश प्रस्तुत करना होगा। आवेदन करते समय सभी जानकारियां सही भरें, क्योंकि गलत या अधूरी जानकारी मिलने पर फॉर्म निरस्त हो सकता है। इस भर्ती में केवल ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। रिक्त पदों की संख्या चयन प्रक्रिया पूरी होने तक घट या बढ़ सकती है।

Exit mobile version