Lucknow Murder Case: लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलर और बिल्डर संदीप सिंह की दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले में पुलिस को अब पूर्वांचल से जुड़े गिरोह पर शक है। क्राइम ब्रांच, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की करीब 10 टीमें गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी समेत कई जिलों में लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और कुछ दूसरे सबूतों के आधार पर अहम सुराग मिले हैं।
सीसीटीवी से मिली अहम जानकारी
पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद बदमाश पीजीआई इलाके से रायबरेली रोड की तरफ भागे और फिर किसान पथ के रास्ते निकल गए। अब पुलिस किसान पथ और टोल प्लाजा पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बदमाशों ने पूरी वारदात के दौरान चेहरा ढक रखा था, इसलिए पुलिस अब उनके हुलिए का मिलान पूर्वांचल के शूटरों से कर रही है।
बुधवार देर रात से गुरुवार दोपहर तक पुलिस ने शूटरों का पूरा रूट तैयार किया। पुलिस का मानना है कि हत्या की योजना पहले से बनाई गई थी और बदमाश लगातार संदीप सिंह की रेकी कर रहे थे।
प्रॉपर्टी और पैसों के विवाद का शक
जांच में पुलिस को प्रॉपर्टी और रुपयों के लेनदेन का विवाद सामने आया है। इसी वजह से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने जेल में बंद कई शूटरों की सूची भी तैयार की है। शुक्रवार को जौनपुर, वाराणसी, गाजीपुर और लखनऊ की जेलों में बंद अपराधियों से पूछताछ की जाएगी।
संदीप सिंह मूल रूप से जौनपुर के सिकरारा थाना क्षेत्र के टेकारी गांव के रहने वाले थे। वह लखनऊ के वृंदावन कॉलोनी इलाके में पत्नी और बच्चों के साथ रहते थे। बुधवार को वह अपने ऑफिस जा रहे थे। जैसे ही वह कार से उतरे, पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और बदमाश मौके से फरार हो गए।
गांव में पसरा मातम
गुरुवार को जब संदीप सिंह का शव उनके पैतृक गांव टेकारी पहुंचा तो पूरे गांव में शोक का माहौल हो गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। पत्नी प्रीति पति का शव देखकर कई बार बेहोश हो गईं। बेटा सार्थक और बेटी शीबी भी पिता से लिपटकर बिलखते रहे।
परिवार और गांव के लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। देर शाम जौनपुर के रामघाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। बेटे ने मुखाग्नि दी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस हत्याकांड ने पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी है। पुलिस और एसटीएफ की टीमें लगातार मामले की जांच कर रही हैं। लखनऊ में प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।
