Lucknow Court Lockup Birth: लखनऊ के सिविल कोर्ट परिसर में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कोर्ट के लॉकअप में बंद एक महिला ने बच्चे को जन्म दे दिया। महिला को चोरी और चेन झपटमारी के मामले में जेल भेजा गया था। उसे शुक्रवार को पेशी के लिए कोर्ट लाया गया था। इसी दौरान अचानक उसे प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।
अचानक शुरू हुई प्रसव पीड़ा
जानकारी के मुताबिक महिला विचाराधीन बंदी है और उसका नाम तारा बताया गया है। वह मूल रूप से कुशीनगर के रामकोला थाना क्षेत्र के बरगद मड़िया की रहने वाली है। शुक्रवार को उसे पुलिस अभिरक्षा में अदालत में पेशी के लिए लाया गया था। करीब 3 बजे न्यायालय लॉकअप से पुलिस को महिला की तबीयत बिगड़ने और प्रसव होने की सूचना मिली।
लॉकअप में गूंजी बच्चे की किलकारी
महिला ने लॉकअप में ही एक बेटे को जन्म दिया। सूचना मिलते ही वजीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद महिला और नवजात को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एंबुलेंस बुलाई गई। दोनों को अवंतीबाई महिला अस्पताल ले जाया गया, जहां महिला को भर्ती कराया गया। महिला की निगरानी के लिए पुलिसकर्मी की ड्यूटी भी लगाई गई।
27 अगस्त को भेजी जेल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महिला को 27 अगस्त को पारा थाना पुलिस ने चोरी और चेन झपटमारी के मामले में गिरफ्तार करने के बाद जेल भेजा था। करीब 21 दिन बाद उसे अदालत में पेशी के लिए लाया गया था। इसी दौरान कोर्ट लॉकअप में प्रसव हो गया।
मां और नवजात दोनों स्वस्थ
पुलिस के मुताबिक महिला और उसका नवजात बच्चा फिलहाल स्वस्थ हैं। घटना की जानकारी महिला के परिजनों को भी दे दी गई है। महिला को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में रखा गया है और उसके स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है।

