उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस ने सोने के आभूषणों की बड़ी लूट के मामले का खुलासा किया है। इस घटना में सबसे हैरान करने वाली बात यह सामने आई है कि लूट की पूरी योजना जौनपुर में तैनात एक सिपाही ने बनाई थी। आरोप है कि उसने लखनऊ पुलिस के एक कांस्टेबल और डीआरआई कर्मचारी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 844 ग्राम सोने के आभूषण, 1.82 लाख रुपये और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कार्पियो बरामद हुई है। वहीं, मुख्य साजिशकर्ता सिपाही समेत चार आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
20 नवंबर को बनाया गया था लूट का निशाना
संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार ने बताया कि पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर निवासी महेंद्र दास दिल्ली के करोलबाग में रहते हैं। वह अपने जीजा छोटू साहू के साथ ऑर्डर मिलने पर सोने के आभूषण तैयार करते हैं। 20 नवंबर को वह जौनपुर गए थे।
21 नवंबर की रात जब वह खुर्दही बाजार स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने से दिल्ली लौट रहे थे, तभी बदमाशों ने उनकी बस रुकवा ली। आरोपितों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और उन पर अवैध रूप से सोना ले जाने का आरोप लगाया। इसके बाद उन्हें जबरन बस से उतार लिया गया।
बदमाशों ने उन्हें स्विफ्ट डिजायर कार में बैठाया और उनका मोबाइल, नकदी तथा एक किलो से ज्यादा सोने के आभूषणों से भरा बैग लूट लिया। कुछ दूर ले जाने के बाद आरोपित उन्हें सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।
10 पुलिस टीमों ने मिलकर किया खुलासा
मामले की जांच के लिए पुलिस ने 10 टीमें बनाई थीं। इन टीमों ने करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी और तकनीकी जानकारी के आधार पर नौ आरोपितों की पहचान की।
इसके बाद पुलिस ने जौनपुर निवासी प्रीतम सोनी, कानपुर नगर निवासी अविनाश शाही (डीआरआई लखनऊ में एसएससी मल्टी टास्किंग स्टाफ), राहुल चौहान (बैंक ऑफ बड़ौदा का सुरक्षा गार्ड), देवरिया निवासी दुर्गेश कुमार कुशवाहा (लखनऊ में तैनात कांस्टेबल) और पश्चिम बंगाल निवासी तिलक मांझी (आभूषण का कारीगर) को गिरफ्तार कर लिया।
ऐसे तैयार की गई थी लूट की पूरी योजना
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि महेंद्र दास जौनपुर आने पर तिलक मांझी के यहां रुकते थे। तिलक मांझी का संपर्क ज्वैलरी कारोबारी प्रीतम सोनी से था। इन्हीं दोनों के जरिए आरोपितों को महेंद्र के आने-जाने और सोने के आभूषण लेकर लौटने की जानकारी मिली थी।
इसी जानकारी के आधार पर जौनपुर में तैनात सिपाही विनय शंकर, सागर सेठ और उनके अन्य साथियों ने लूट की योजना बनाई। आरोपितों को पता था कि महेंद्र अपने साथ सोने के आभूषण लेकर सफर करते हैं।
बस में भी मौजूद था गिरोह का एक सदस्य
पुलिस के मुताबिक, गिरोह का एक सदस्य महेंद्र के साथ उसी बस में बैठा था। वह लगातार पीछे चल रहे अपने साथियों को जानकारी दे रहा था। वहीं, विनय शंकर और उसके साथी स्कार्पियो से बस का पीछा कर रहे थे।
विनय ने अपने भाई रविशंकर के जरिए दूसरी गाड़ी का इंतजाम कराया था। इस योजना में लखनऊ में तैनात कांस्टेबल दुर्गेश कुमार कुशवाहा और बैंक ऑफ बड़ौदा के सुरक्षा गार्ड राहुल चौहान को भी शामिल किया गया था।
बबलू कुमार ने बताया कि जौनपुर में तैनात सिपाही विनय शंकर, उसका भाई रविशंकर, सागर सेठ और एक अज्ञात व्यक्ति अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। वहीं, गिरफ्तार कांस्टेबल दुर्गेश कुमार कुशवाहा को ले जाते समय वह संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार के पैरों में गिर पड़ा और रोते हुए उनसे गिड़गिड़ाने लगा।

