Site icon News1India

Hookah Bar : लखनऊ के कैफे में चोरी-छिपे चल रहा था अवैध हुक्का बार, पुलिस पहुंची तो मच गई भगदड़

Lucknow Hookah Bar

 Lucknow Hookah Bar:लखनऊ के गोमतीनगर में शहीद पथ किनारे विनयखंड स्थित बैग्लो कैफे बी में कथित तौर पर बिना अनुमति हुक्का बार संचालित किया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कैफे मैनेजर समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस को मौके से पांच हुक्का सेट और दो चिलम मिलीं। मामले में कैफे मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस को देखकर भागने लगे युवक

गोमतीनगर थाने के उपनिरीक्षक मृत्युंजयनाथ शर्मा गुरुवार रात गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें कैफे में हुक्का बार चलने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने कैफे की दूसरी मंजिल पर छापा मारा तो वहां पांच टेबल पर हुक्का सेट और दो चिलम रखी मिलीं। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद दो युवक भागने लगे, लेकिन टीम ने दोनों को पकड़ लिया।

मैनेजर समेत दो गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दिल्ली निवासी सुधीर वसुमाता और सीतापुर के मानपुर निवासी प्रशांत वाजपेयी के रूप में हुई है। सुधीर ने खुद को कैफे का मैनेजर बताया, जबकि प्रशांत ग्राहकों को हुक्का परोसने का काम करता था। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि कैफे मालिक ऋषि विश्वकर्मा के संचालन में ग्राहकों को हुक्का उपलब्ध कराया जा रहा था। आरोप है कि तंबाकू के अलग-अलग फ्लेवर भी परोसे जा रहे थे।

मालिक की भूमिका की जांच

पुलिस के मुताबिक, कैफे संचालक हुक्का बार चलाने से संबंधित लाइसेंस नहीं दिखा सके। इसके अलावा प्रवेश द्वार पर धूम्रपान से स्वास्थ्य को होने वाले नुकसान और 18 साल से कम उम्र के लोगों के प्रवेश पर रोक से संबंधित चेतावनी बोर्ड भी नहीं लगा था। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, कैफे मालिक ऋषि विश्वकर्मा की भूमिका की जांच के साथ उसकी तलाश भी की जा रही है

Exit mobile version