Lucknow Woman Assault Case: लखनऊ के इंदिरा नगर में बच्चा चोरी का आरोप लगाकर महिला के साथ बर्बरता के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार हुए हैं। पति का आरोप है कि दबंगों की पिटाई के बाद उसे समय पर इलाज भी नहीं मिला। पति के मुताबिक, महिला को गंभीर चोटें आई हैं। वह उसे बलरामपुर अस्पताल लेकर गया, लेकिन वहां पुलिस से जुड़े कागजात मांगे गए। पति का कहना है कि पेट में चोट के कारण महिला को दिन में कई बार उल्टियां हो रही हैं।
वीडियो वायरल होने पर कार्रवाई
महिला की पिटाई का वीडियो 10 नवंबर को वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पति के अनुसार, घटना के छह दिन बाद बुधवार को एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने लोहिया अस्पताल में महिला का मेडिकल परीक्षण कराया, लेकिन गंभीर हालत के बावजूद उसे भर्ती नहीं किया गया।
पति ने बताया कि पहले पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई नहीं की। वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारियों की फटकार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। उनका कहना है कि मेडिकल परीक्षण के बावजूद इलाज नहीं मिला।
चार आरोपी गिरफ्तार
इंदिरा नगर इंस्पेक्टर अजय नारायण के मुताबिक, महिला की पिटाई के आरोप में चार लोगों को बुधवार को मानस ग्रीन पार्क पानी की टंकी के पास से गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान मो. आयनुउद्दीन, जमालुद्दीन, सरीफुल इस्लाम और सनीदुल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, चारों मूल रूप से असम के रहने वाले हैं। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
छह दिन बाद एफआईआर
घटना 6 नवंबर की है। मूल रूप से बाराबंकी की रहने वाली महिला करीब दस साल से इंदिरा नगर के सुग्गामऊ इलाके में रहती है। पति के अनुसार, महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ है और चार बच्चों की मां है। घटना के समय उसने वहां खेल रहे एक बच्चे को गोद में उठा लिया था। इसी पर लोगों ने बच्चा चोरी का आरोप लगाकर उसे पकड़ लिया।
रस्सी से बांधकर पीटा
पति का आरोप है कि लोगों ने महिला के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर लात-घूंसों से पीटा। इसके बाद उसे पैरों की ओर से पकड़कर उल्टा लटकाते हुए भी मारा। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है।

