Site icon News1India

Police Action : लखनऊ में 196 दरोगाओं के तबादले, तीन अपराधियों पर गिरी गाज, छह महीने के लिए जिला बदर

Lucknow Police Transfer: लखनऊ के मध्य जोन में पुलिस विभाग ने बड़े स्तर पर तबादले किए हैं। पुलिस उपायुक्त मध्य की ओर से 14 नवंबर को जारी दो अलग-अलग आदेशों में कुल 196 उपनिरीक्षकों की तैनाती बदली गई है। इनमें 171 पुरुष और 25 महिला दरोगा शामिल हैं। हजरतगंज, हुसैनगंज, गौतमपल्ली, महानगर, कैंट, आलमबाग, आशियाना, मानकनगर, मदेयगंज और महिला थाने के उपनिरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया है।

तत्काल संभालनी होगी नई तैनाती

तबादला आदेश में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि इसका कड़ाई से पालन कराया जाए। स्थानांतरित किए गए सभी पुलिसकर्मियों को तत्काल नई तैनाती पर कार्यभार संभालना होगा। अलग-अलग थानों के बीच किए गए इन तबादलों को पुलिस व्यवस्था में बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।

तीन आरोपित जिला बदर

राजधानी में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत तीन लोगों पर कार्रवाई की है। पुलिस आयुक्त न्यायालय ने सोमवार को अलग-अलग मामलों की सुनवाई के बाद सलमान उर्फ सलमान कटोरी, अनस रिजवान सिद्दीकी और अजय कुमार को छह-छह महीने के लिए जिला बदर करने का आदेश दिया। तीनों को इस अवधि में लखनऊ की सीमा से बाहर रहना होगा।

आरोपितों पर दर्ज हैं मुकदमे

सआदतगंज के फाजिलनगर निवासी सलमान उर्फ सलमान कटोरी (33) के खिलाफ 2018 से 2026 के बीच छह मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ कैसरबाग, सआदतगंज और ठाकुरगंज थानों में मारपीट, बलवा और धमकी के मामले दर्ज हैं। वहीं, कैसरबाग के फूलबाग निवासी अनस रिजवान सिद्दीकी (23) पर 2025 और 2026 में चार मुकदमे दर्ज हुए हैं। इनमें पॉक्सो की धाराएं भी शामिल हैं।

काकोरी के घनश्यामपुर निवासी अजय कुमार के खिलाफ 2023 से 2025 के बीच चोरी और चोरी की संपत्ति से जुड़े आठ मुकदमे दर्ज हैं। ये मामले दुबग्गा, माल, रहीमाबाद, महिगवां और मलिहाबाद थानों में दर्ज हैं। न्यायालय ने तीनों मामलों में उपलब्ध अभिलेखों और दलीलों का परीक्षण करने के बाद जिला बदर का आदेश सुनाया।

Exit mobile version