उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सड़क हादसे हुए। मलिहाबाद में दो कारों की टक्कर में एक बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। दूसरी घटना बीबीडी थाना क्षेत्र के किसान पथ पर हुई, जहां ट्रक और डंपर की भिड़ंत में क्लीनर की जान चली गई। दोनों घटनाओं की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और जांच शुरू कर दी।
शादी से लौट रही थी कार
मलिहाबाद थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह भाटी के मुताबिक, ओमनी कार में सवार लोग रहीमाबाद के दौलतपुर गांव में शादी समारोह में शामिल होने के बाद रात में उन्नाव लौट रहे थे। इसी दौरान पुरवा गांव के पास उनकी कार की दूसरी कार से टक्कर हो गई। हादसे में ओमनी चालक रामजी उर्फ अमित कुमार और आठ साल की बच्ची प्रिया की मौत हो गई।
पांच लोग हुए घायल
दुर्घटना में दयावती, सरोज कुमारी, किशोरी दीपांशी और उन्नाव के किशोर आशिक व आनंद घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी मलिहाबाद पहुंचाया। वहीं, दूसरी कार होंडा सिटी का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों के संबंध में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।
किसान पथ पर ट्रक-डंपर भिड़े
दूसरा हादसा शनिवार सुबह बीबीडी थाना क्षेत्र में किसान पथ पर सलारगंज मोड़ के पास ओवरब्रिज के नजदीक हुआ। यहां ट्रक और डंपर की टक्कर हो गई। दुर्घटना में बस्ती निवासी ट्रक क्लीनर खुर्शीद अहमद की मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक जमालुद्दीन घायल हो गया। पुलिस ने घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया है। इस मामले में भी पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

