Lucknow Lift Accident: लखनऊ में निर्माणाधीन बिल्डिंग में बड़ा हादसा, 9वीं मंजिल से लिफ्ट गिरने पर चार मजदूर घायल

लखनऊ के महानगर स्थित शालीमार गैलेंट वेस्ट की निर्माणाधीन इमारत में लिफ्ट टूटकर बेसमेंट में गिरने से चार मजदूर घायल हो गए। तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि सभी की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Lucknow Lift Accident: राजधानी लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र स्थित विज्ञानपुरी में गुरुवार को एक निर्माणाधीन इमारत में बड़ा हादसा हो गया। शालीमार गैलेंट वेस्ट परियोजना में लिफ्ट डक्ट में काम कर रहे चार मजदूर लिफ्ट टूटकर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

काम के दौरान टूटी लिफ्ट

पुलिस के अनुसार, घटना सुबह करीब 11:30 बजे हुई। चारों मजदूर इमारत की नौवीं मंजिल पर लिफ्ट डक्ट में काम कर रहे थे। इसी दौरान लिफ्ट अचानक टूटकर बेसमेंट तक गिर गई, जिससे उसमें सवार सभी मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद निर्माण कार्य से जुड़ी एजेंसी ने परिसर का प्रवेश द्वार बंद कर दिया और किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी।

तीन मजदूर गंभीर, सभी खतरे से बाहर

सूचना मिलते ही महानगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल लखनऊ के नीरा हॉस्पिटल में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक तीन मजदूरों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि एक को मामूली चोट लगी है। राहत की बात यह है कि सभी घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

घायलों की पहचान छोटू कुमार (28), सुरेंद्र कुमार (45), निक्कू (24) और मोनू (25) के रूप में हुई है। चारों मजदूर बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले हैं।

हादसे की जांच शुरू

घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा लिफ्ट डक्ट में काम के दौरान हुआ। फिलहाल पुलिस लिफ्ट टूटने के कारणों और सुरक्षा मानकों में किसी तरह की लापरवाही की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Exit mobile version