Site icon News1India

Har Ghar Tiranga: CM योगी ने कहा- राष्ट्रगान और ‘वंदे मातरम्’ का अपमान मंजूर नहीं, तिरंगे को बताया देश की शान

Har Ghar Tiranga: लखनऊ में रविवार को ‘हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा’ अभियान के तहत बीजेपी की ओर से तिरंगा यात्रा आयोजित की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसमें हिस्सा लिया और कार्यक्रम को संबोधित किया। उनके साथ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई पार्टी नेता मौजूद रहे। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और युवाओं ने भी यात्रा में हिस्सा लिया।

काकोरी क्रांतिकारियों को किया याद

सीएम योगी ने अपने संबोधन की शुरुआत काकोरी ट्रेन एक्शन की 101वीं वर्षगांठ के उल्लेख के साथ की। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीर क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि देते हुए युवाओं का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा देश की सादगी, विकास, विरासत और उसकी आन-बान-शान का प्रतीक है।

‘राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का अपमान मंजूर नहीं’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्रगान हो या राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’, उसका अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि देश में रहकर राष्ट्रीय प्रतीकों, महापुरुषों और राष्ट्रगान-राष्ट्रगीत का अपमान अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को मजबूत करने के लिए ऐसे कृत्यों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का प्रावधान किया गया है।

‘वंदे मातरम्’ के 150 साल पूरे होने का जिक्र

योगी ने कहा कि यह वर्ष देश के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में इसके सामूहिक गायन का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने तिरंगे को देश के गौरव, एकता और राष्ट्रीय भावना का प्रतीक बताया।

‘तिरंगा 140 करोड़ लोगों के दिलों की ऊर्जा’

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि तिरंगा हवा में लहराता देखकर हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा हो जाता है। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं पर सैनिक इसी तिरंगे की रक्षा के लिए अपना जीवन न्योछावर करते हैं और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में तिरंगा खिलाड़ियों के भीतर नई ऊर्जा भरता है।

उन्होंने तिरंगे को देश के 140 करोड़ नागरिकों के दिलों की ऊर्जा बताया।

Exit mobile version