Lucknow Traffic Diversion: छठ पूजा के मद्देनजर लखनऊ में रविवार और सोमवार को यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने और रात में कोसी भरने के कार्यक्रम के चलते दोपहर 12 बजे से आयोजन समाप्त होने तक डायवर्जन लागू रहेगा। वहीं, 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए तड़के 3 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रतिबंध प्रभावी रहेंगे।
लक्ष्मण मेला मैदान प्रतिबंध
हजरतगंज में चिरैयाझील तिराहे से लक्ष्मण मेला मैदान की ओर सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। वाहन सहारागंज, सिकंदरबाग, वाईएमसीए, पीएनटी चौराहा और क्लार्क अवध तिराहे से जा सकेंगे। 1090 चौराहे, पीएनटी चौराहे, बैकुंठधाम और संकल्प वाटिका ओवरब्रिज से आने वाली रोडवेज और सिटी बसें गोल्फ क्लब व बंदरियाबाग होकर निकलेंगी। समतामूलक चौराहे से बैकुंठधाम की ओर भी सामान्य यातायात और बसों पर रोक रहेगी।
झूलेलाल पार्क का रास्ता
महानगर क्षेत्र में नदवा बंधा मोड़ और इक्का-तांगा स्टैंड से झूलेलाल पार्क की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। इन्हें आईटी चौराहा, सुभाष चौराहा और डालीगंज की तरफ मोड़ा जाएगा। नया पक्का पुल से बैरल नंबर दो की ओर भी आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
कुड़ियाघाट पर भी रोक
चौक क्षेत्र में रूमीगेट पुलिस चौकी और नया पक्का पुल से कुड़ियाघाट जाने वाले वाहनों को रोक दिया जाएगा। इन्हें टीले वाली मस्जिद तिराहे से निकाला जाएगा। घैला पुल से ग्रीन कॉरिडोर होकर आने वाले वाहनों को छंदोइया बाईपास से भेजा जाएगा। राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल चौराहे से कुड़ियाघाट जाने की अनुमति नहीं होगी। वाहन रैंप से उतरकर वीरांगना अवंतीबाई चौराहे की ओर जाएंगे।
बसों के बदले रास्ते
कैसरबाग से सीतापुर जाने वाली रोडवेज बसें पक्का पुल, इमामबाड़ा, रूमीगेट, घंटाघर, कोनेश्वर, बालागंज और दुबग्गा होकर जाएंगी। सीतापुर से आने वाली बसें मड़ियांव, खदरा और नया पक्का पुल होते हुए कैसरबाग पहुंचेंगी।
एंबुलेंस को मिलेगी छूट
यातायात पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है। चिकित्सा संबंधी आपात स्थिति में एंबुलेंस को प्रतिबंधित मार्गों से निकलने की अनुमति रहेगी। इसके लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।















