उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज ट्रिपल मर्डर मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की टीम भारी पुलिस बल के साथ नौबस्ता ब्राह्मणी टोला पहुंची। यहां मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला के परिवार के तीन मकानों पर बुलडोजर चलाया गया।
देर शाम तक चली कार्रवाई में एक मकान पूरी तरह गिरा दिया गया, जबकि बाकी दो मकानों को ध्वस्त करने का काम देर रात तक जारी रहा। ये मकान अवैध निर्माण के तहत कार्रवाई के दायरे में थे।
मकानों से मिले हथियार
बुलडोजर से मकानों को तोड़ने के दौरान ऐसी बरामदगी हुई, जिसने मौके पर मौजूद अधिकारियों को हैरान कर दिया। मलबे और मकान के अंदर से एक पिस्टल, एक तमंचा, एक राइफल, एक बंदूक, एक रिवॉल्वर और 20 कारतूस मिले।
एलडीए की टीम ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। टीम का दावा है कि बरामद सभी हथियार और कारतूस पुलिस को सौंप दिए गए हैं।
पहले तलाशी में कुछ नहीं मिला
इस ट्रिपल मर्डर की घटना को 18 दिन बीत चुके हैं। बताया गया है कि वारदात के बाद पुलिस ने कई बार आरोपियों के घर की तलाशी ली थी, लेकिन उस समय हथियारों की बरामदगी नहीं हुई थी।
अब मकानों को ध्वस्त करने के दौरान इतनी बड़ी संख्या में असलहे मिलने से मामले में नए सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बुलडोजर कार्रवाई के दौरान ही घर में छिपे हथियार सामने आए।
पुलिस ने क्या बताया
डीसीपी जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि एलडीए की तरफ से हथियारों की सुपुर्दगी मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब बरामद असलहों और कारतूसों को लेकर जरूरी जांच करेगी।

