Lucknow Weather Update: लखनऊ में गुरुवार को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई और दिन के समय ही आसमान में घने बादल छा जाने से अंधेरा जैसा माहौल हो गया। वहीं बरेली में आंधी और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया। यहां पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से कई जगह रास्ते और बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई। एक महिला की मौत की भी खबर है।
अचानक बदला मौसम
लखनऊ में सुबह से मौसम सामान्य था, लेकिन बाद में अचानक बादल घिर आए और तेज हवा के साथ बारिश होने लगी। आसमान में घने बादल छाने के कारण दिन में ही अंधेरा दिखाई देने लगा। मौसम के इस बदलाव से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, लेकिन तेज हवा और बारिश ने यातायात पर असर डाला।
बरेली में तेज आंधी
बरेली में गुरुवार सुबह करीब नौ बजे अचानक काले बादल छा गए। इसके बाद तेज हवाओं के साथ करीब 30 मिनट तक बारिश हुई। कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। सड़कों पर पेड़ गिरने के कारण यातायात भी बाधित हुआ।
महिला की हुई मौत
बरेली के सीबीगंज इलाके में तेज आंधी-बारिश के दौरान दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई। शहर के कई हिस्सों में जलभराव और पेड़ गिरने की वजह से यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। किला पुल से लेकर दूसरे इलाकों तक वाहनों की लंबी कतारें लगने की जानकारी सामने आई है।
आगे भी बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 17 से 19 सितंबर के बीच उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 20 और 21 सितंबर को भी कुछ जगह बारिश जारी रहने की संभावना है।

