Site icon News1India

Lucknow Crime: भाई के घर गई थी महिला सुबह मिली लाश, पति ने की पहचान,कैसे हुई मौत? पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

Lucknow Woman Dead Body: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब इंदिरानगर थाना क्षेत्र के बादशाह खेड़ा नहरिया के पास सड़क किनारे एक महिला का शव मिला। महिला की पहचान अनीता सिंह के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

डायल-112 से मिली सूचना

थाना प्रभारी अजय नारायण सिंह के मुताबिक, मंगलवार सुबह यूपी डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि बादशाह खेड़ा नहरिया के पास सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का शव पड़ा हुआ है। जानकारी मिलते ही वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर आसपास के लोग भी जमा हो गए थे।

पति ने की पहचान

मौके पर पहुंचे भगत सिंह वार्ड नंबर एक, बादशाहखेड़ा निवासी रंजीत सिंह ने शव की पहचान अपनी पत्नी अनीता सिंह के रूप में की। उन्होंने पुलिस को बताया कि 9 नवंबर की शाम अनीता अपने भाई बिट्टू के घर मल्हौर गई थीं। इसके बाद वह वापस नहीं लौटीं। मंगलवार को उनका शव सड़क किनारे मिला।

पोस्टमार्टम से खुलेगा राज

थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई है। महिला के शरीर पर प्रथम दृष्टया कोई जाहिरा चोट का निशान दिखाई नहीं दिया। पुलिस ने पंचायतनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले में जांच जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version