Site icon News1India

Mohanlalganj School Van Accident: नशे में स्कूल वैन चला रहे ड्राइवर ने युवक को टक्कर मार दूर तक घसीटा, बच्चे सहमें

Mohanlalganj School Van Accident: लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके में एक बेहद लापरवाही भरा और चिंताजनक मामला सामने आया है। एक निजी स्कूल का वैन चालक कथित तौर पर शराब के नशे में बच्चों को स्कूल लेकर जा रहा था। इसी दौरान उसका वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक वैन के नीचे फंस गया और करीब 20 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और चालक को हिरासत में ले लिया।

नशे में गाड़ी चलाने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, निगोहां के दयालपुर निवासी अर्जुन एक निजी स्कूल की वैन चलाता है। आरोप है कि वह शराब के नशे में था और इसी हालत में चार वर्षीय दिव्यांशु, पांच वर्षीय विराज और मानसी को लेकर स्कूल जा रहा था। सुबह करीब 11 बजे वैन का संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान सड़क किनारे आम खरीद रहे कूड़ा निवासी राम मिलन उसकी चपेट में आ गए। टक्कर के बाद वह वैन के नीचे फंस गए और कुछ दूरी तक घिसटते चले गए।

बच्चों में मची दहशत

हादसे के समय वैन में बैठे छोटे बच्चे घबरा गए और रोने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर चालक को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह कुछ दूर तक गाड़ी चलाता रहा। आखिरकार वैन सड़क किनारे लगे एक शिलापट से टकराकर रुक गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को भीड़ से निकालकर अपने कब्जे में ले लिया।

घायल युवक की हालत गंभीर

पुलिस ने घायल राम मिलन और वैन में मौजूद तीनों बच्चों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने राम मिलन की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, बच्चों को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन हादसे के कारण वे काफी डरे हुए हैं। इंस्पेक्टर राम बाबू सिंह ने बताया कि चालक से पूछताछ की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जांच में सामने आई बड़ी लापरवाही

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि स्कूल वैन सुरक्षा नियमों का पालन नहीं कर रही थी। नियमों के अनुसार स्कूल वैन का रंग पीला होना चाहिए, लेकिन यह वैन सफेद रंग की थी। इसके अलावा इस वाहन का पहले भी ट्रैफिक नियम तोड़ने का रिकॉर्ड सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2022 में सीट बेल्ट का उपयोग न करने और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के कारण इस वैन के दो चालान काटे जा चुके हैं। इस घटना ने एक बार फिर स्कूल वाहनों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Exit mobile version