Site icon News1India

Mahakumbh 2025: महाकुंभ में स्नानार्थियों की संख्या ने रचा इतिहास, 45 करोड़ के पार पहुंचा आंकड़ा

Maha kumbh 2025

Mahakumbh 2025: महाकुंभ 2025 में श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। संगम तट पर भक्तों की भीड़ ने एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड बना दिया है। अब तक 45 करोड़ से अधिक श्रद्धालु त्रिवेणी में पुण्य की डुबकी लगा चुके हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आयोजन से पहले ही 45 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई थी, और यह आंकड़ा महाकुंभ के समापन से 15 दिन पहले ही पार हो गया। मंगलवार सुबह 8 बजे तक 50 लाख से अधिक लोगों ने स्नान किया, जिससे कुल आंकड़ा 45 करोड़ के पार पहुंच गया। माघ पूर्णिमा और महाशिवरात्रि पर और बड़ी संख्या में भक्तों के उमड़ने की संभावना है, जिससे यह संख्या 50 करोड़ तक पहुंच सकती है।

आस्था का महासंगम बना प्रयागराज

Mahakumbh 2025 में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। संगम तट पर साधु-संतों, कल्पवासियों और गृहस्थों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। इस वर्ष के महाकुंभ को अब तक का सबसे भव्य आयोजन माना जा रहा है। इससे पहले तीनों प्रमुख अमृत स्नान पर्व—मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या और बसंत पंचमी पर करोड़ों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई थी।

कौन-कौन लगा चुका है पुण्य स्नान?

Mahakumbh 2025 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई प्रमुख नेता संगम में स्नान कर चुके हैं। इनके अलावा हेमा मालिनी, अनुपम खेर, मिलिंद सोमण, साइना नेहवाल, कुमार विश्वास, सुरेश रैना और खली जैसे कई मशहूर हस्तियां भी पुण्य स्नान कर चुकी हैं।

50 करोड़ का लक्ष्य कर सकता है पूरा

महाकुंभ के समापन से पहले माघ पूर्णिमा और महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। अब तक हुए स्नान पर्वों में मौनी अमावस्या पर सबसे अधिक 8 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान किया था। अगर यही रुझान जारी रहा, तो कुल स्नानार्थियों की संख्या 50-55 करोड़ के पार पहुंच सकती है।

प्रयागराज जाने से पहले देखें ट्रैफिक एडवायजरी, जाम से बचने के लिए अपनाएं ये रास्ते

Exit mobile version