Site icon News1India

महाकुंभ गई स्टीव जॉब्स की पत्नी की बिगड़ी तबीयत, निरंजनी अखाड़े ने जारी किया हेल्थ अपडेट

Maha Kumbh 2025

Maha Kumbh 2025 : महाकुंभ स्नान का आज दूसरा दिन है, और मकर संक्रांति के अवसर पर इसे महास्नान के रूप में मनाया जा रहा है। खबरों के अनुसार, कल्पवास के लिए विदेश से आईं स्टीव जॉब्स की पत्नी लॉरेन पोवेल जॉब्स की अचानक तबीयत बिगड़ गई है। इस वजह से पिछले कुछ घंटों से यह सवाल उठ रहा है कि क्या वह संगम में डुबकी लगाएंगी या नहीं?

भीड़ के कारण हुई एलर्जी

निरंजनी अखाड़े के प्रमुख स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने बताया कि लॉरेन पोवेल जॉब्स संगम में स्नान जरूर करेंगी, हालांकि उनकी तबीयत खराब होने के बावजूद वह डुबकी लगाएंगी। गिरी महाराज ने कहा कि फिलहाल वह उनके शिविर में आराम कर रही हैं और उन्हें भीड़-भाड़ से एलर्जी हो गई है। इससे पहले वह कभी इतनी अधिक भीड़ वाली जगह पर नहीं आई थीं। वह बहुत ही सरल स्वभाव की हैं और हमारे साथ रात्रि पूजा में भी शामिल थीं।

निरंजनी अखाड़े की सदस्य हैं लॉरेन

स्टीव जॉब्स की पत्नी लॉरेन पॉवेल जॉब्स हिंदू धर्म में गहरी आस्था रखती हैं और निरंजनी अखाड़े से जुड़ी हुई हैं। महाकुंभ में कुल 13 अखाड़ों ने भाग लिया है, जिन्हें तीन समूहों में बांटा गया है – संन्यासी अखाड़ा, बैरागी अखाड़ा और उदासीन अखाड़ा। जूना अखाड़ा और निरंजनी अखाड़ा सहित कुल 7 अखाड़े संन्यासी समूह का हिस्सा हैं।

यह भी पढ़ें : ‘दिल्ली में बंट रही सोने की चेन’, अरविंद केजरीवाल ने किया बड़ा दावा

शाही स्नान में हिस्सा नहीं लेंगी

गिरी महाराज ने यह भी कहा कि लॉरेन के हाथों पर एलर्जी हो गई है, इसलिए वह शाही स्नान में भाग नहीं ले पाएंगी। हालांकि, वह अकेले स्नान करने जाएंगी और उनकी स्नान की व्यवस्था की जाएगी ताकि वह पवित्र संगम में डुबकी लगा सकें। वे हमारे साथ पूजा, अभिषेक और हवन में भी हिस्सा लेंगी। स्वामी ने यह भी कहा कि हिंदू परंपरा की अलौकिकता यह है कि इससे वे लोग भी जुड़ना चाहते हैं जिन्होंने इसे कभी न देखा, न समझा।

Exit mobile version