Site icon News1India

NCP Merger : NCP के दोनों गुटों का विलय लगभग तय? महाराष्ट्र से दिल्ली तक बदलेंगे सियासी समीकरण

NCP Merger Maharashtra Politics: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के एक होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी में टूट के करीब साढ़े तीन साल बाद अब विलय का रास्ता लगभग साफ होता दिखाई दे रहा है। सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि इसी हफ्ते या अगले सप्ताह इसका औपचारिक ऐलान हो सकता है। इस पूरे घटनाक्रम में बीजेपी की भूमिका भी अहम बताई जा रही है। माना जा रहा है कि विलय का असर महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार से लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार तक दिखाई दे सकता है।

पवार परिवार में नई व्यवस्था

बीजेपी सूत्रों के मुताबिक, विलय के बाद एनसीपी में शरद पवार के समय वाली राजनीतिक व्यवस्था फिर देखने को मिल सकती है। इसके तहत शरद पवार की बेटी और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले को केंद्र की राजनीति में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। वहीं, अजित पवार के बड़े बेटे पार्थ पवार को महाराष्ट्र की राजनीति में आगे बढ़ाया जा सकता है।

फडणवीस सरकार में बदलाव

बीजेपी सूत्र का दावा है कि विलय के बाद अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की फडणवीस सरकार में उपमुख्यमंत्री बनी रह सकती हैं। वहीं, एनसीपी (एसपी) के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल को दोबारा वित्त मंत्री बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है। सरकार के भीतर एनसीपी की राजनीतिक ताकत भी बढ़ेगी। हालांकि, मंत्रालयों के बंटवारे को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

मोदी कैबिनेट में जगह

दिल्ली में भी इस विलय का असर दिखाई देने की संभावना जताई जा रही है। बीजेपी सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में संभावित विस्तार के दौरान सुप्रिया सुले और प्रफुल्ल पटेल को जगह मिल सकती है। यानी दोनों गुटों के नेताओं को केंद्र सरकार में प्रतिनिधित्व देने की तैयारी हो सकती है। दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से एनसीपी नेताओं की अलग मुलाकात भी हुई थी।

बीजेपी को क्या मिलेगा फायदा?

एनसीपी के दोनों गुटों का विलय भले ही पवार परिवार और पार्टी का आंतरिक मामला हो, लेकिन इसके राजनीतिक परिणाम महाराष्ट्र से लेकर दिल्ली तक दिखाई दे सकते हैं। बीजेपी को इसका सीधा फायदा मिलने की संभावना जताई जा रही है। केंद्र में शरद पवार गुट के आठ लोकसभा सांसदों और एक राज्यसभा सांसद का समर्थन मोदी सरकार के लिए अहम हो सकता है।

2023 में हुई थी टूट

एनसीपी में बड़ी टूट 2 जुलाई 2023 को हुई थी। उस समय अजित पवार अपने समर्थक विधायकों के साथ एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार में शामिल हो गए थे। उन्होंने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ भी ली थी।

इसके बाद चुनाव आयोग ने अजित पवार के गुट को असली एनसीपी मानते हुए पार्टी का नाम और घड़ी चुनाव चिह्न आवंटित कर दिया। वहीं, शरद पवार के गुट को एनसीपी (शरदचंद्र पवार) नाम और तुरहा बजाता हुआ आदमी चुनाव चिह्न मिला।

Exit mobile version