Meerut : शादी को लेकर थाने में दिव्यांग युवती का हंगामा, किराये का कमरा लेने पहुंचे प्रेमी युगल, बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने क्यों किया विरोध,

मेरठ में एक दिव्यांग युवती ने सौतेली मां और भाइयों पर जबरन शादी कराने का आरोप लगाया। वहीं रिठानी में अलग-अलग धर्म के प्रेमी युगल को लेकर हंगामा हुआ। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

मेरठ। मेरठ के लिसाड़ी गेट इलाके में एक दिव्यांग युवती ने अपनी सौतेली मां और भाइयों पर मानसिक परेशान करने और जबरन शादी कराने का आरोप लगाया है। युवती अपने प्रेमी के साथ थाने पहुंची और परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा कर दिया। काफी देर तक थाने में तनाव का माहौल बना रहा। बाद में पुलिस ने समझाकर मामला शांत कराया।

जन्म के बाद हो गई थी मां की मौत

युवती ने पुलिस को बताया कि उसके जन्म के कुछ समय बाद ही उसकी मां की मौत हो गई थी। इसके बाद उसके पिता ने दूसरी शादी कर ली। कुछ समय पहले पिता का भी निधन हो गया। पिता की मौत के बाद से सौतेली मां और भाई उसे लगातार परेशान कर रहे हैं। युवती का कहना है कि परिवार वाले उसकी शादी अपनी पसंद के लड़के से कराना चाहते हैं, जबकि वह अपनी मर्जी से अपने प्रेमी के साथ शादी करना चाहती है। उसने यह भी कहा कि उसके पिता ने पहले कहीं और रिश्ता तय किया था, लेकिन अब वह खुद अपना फैसला लेना चाहती है।

मकान पर कब्जे का भी लगाया आरोप

दिव्यांग युवती ने आरोप लगाया कि सौतेली मां और भाई उसके हिस्से के मकान पर कब्जा करना चाहते हैं। इसी वजह से उस पर दबाव बनाया जा रहा है। युवती ने पुलिस पर भी आरोप लगाया कि उसकी शिकायत के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। थाना प्रभारी दलवीर सिंह ने बताया कि मामला पारिवारिक विवाद और प्रेम संबंध से जुड़ा हुआ है। युवती अपने प्रेमी के साथ शादी करना चाहती है, जबकि परिवार वाले दूसरी जगह रिश्ता करना चाहते हैं। फिलहाल दोनों पक्षों को समझाकर उनके परिवार वालों के साथ भेज दिया गया है।

किराये का कमरा लेने पहुंचे प्रेमी युगल पर हंगामा

वहीं मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के रिठानी इलाके में भी एक प्रेमी युगल को लेकर हंगामा हो गया। बताया गया कि मुजफ्फरनगर निवासी नौशाद एक युवती के साथ किराये पर कमरा लेने पहुंचा था। दोनों के अलग-अलग धर्म के होने की जानकारी मिलने पर विवाद शुरू हो गया।

बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने किया विरोध

मकान मालिक ने दोनों के नाम और पते पूछे, जिसके बाद मामला सामने आया। इसके बाद मकान मालिक ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया। कुछ देर तक वहां हंगामे जैसी स्थिति बनी रही।

युवती प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी

मौके पर पहुंची परतापुर पुलिस दोनों को थाने ले गई। थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। युवती अपने प्रेमी नौशाद के साथ रहने की जिद कर रही है। फिलहाल पुलिस युवती के परिवार वालों से बातचीत कर रही है। आगे की कार्रवाई जांच के बाद की जाएगी।

Exit mobile version