Site icon News1India

मुस्कान और साहिल की डिमांड पर सरकारी वकील नियुक्त, कौन हैं रेखा जैन जो लड़ेंगी सौरभ मर्डर केस

Merrut Murder Case

Merrut Murder Case: सौरभ हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस सनसनीखेज मामले में अब एक नया मोड़ आया है। हत्या के आरोप में जेल में बंद मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को सरकारी वकील मिल गया है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मेरठ ने वरिष्ठ अधिवक्ता रेखा जैन को दोनों आरोपियों की पैरवी के लिए नियुक्त किया है। रेखा जैन जल्द ही मेरठ जेल में जाकर मुस्कान और साहिल से मुलाकात करेंगी और उनके बचाव के लिए सबूत जुटाने की प्रक्रिया शुरू करेंगी।

रेखा जैन कौन हैं?

रेखा जैन मेरठ की चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल हैं। उनके साथ डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल नासिर अहमद, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल अंबर सहारण और चंद्रिका कौशिक सहायक वकील के रूप में काम करेंगे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव उदयवीर सिंह ने बताया कि रेखा जैन और उनकी टीम इस हाई-प्रोफाइल केस में मुस्कान और साहिल का पक्ष मजबूती से कोर्ट में रखेगी। रेखा जैन अपने अनुभव और कानूनी विशेषज्ञता के लिए जानी जाती हैं और अब वह इस मामले में दोनों आरोपियों के लिए रणनीति तैयार करेंगी।

मांगी थी सरकारी वकील की मदद

मुस्कान और साहिल के परिजनों ने इस जघन्य अपराध (Merrut Murder Case) के बाद दोनों से नाता तोड़ लिया है। मुस्कान के पिता प्रमोद रस्तोगी ने उसे थाने लेकर जाकर अपराध कबूल करवाया था और साफ कर दिया था कि वह उसकी कोई मदद नहीं करेंगे। साहिल का परिवार भी उससे किनारा कर चुका है। लाचार होकर दोनों ने मेरठ जेल के वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा को प्रार्थना पत्र सौंपकर सरकारी वकील की मांग की थी। इस अनुरोध को कानूनी प्रक्रिया के तहत स्वीकार करते हुए अपर जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने रेखा जैन को नियुक्त किया।

यह भी पढ़े: रमजान का आखिरी जुम्मा आज.. यूपी की मस्जिदों में तैयारी पूरी, लखनऊ से लेकर संभल तक हाईअलर्ट

जेल में मुस्कान और साहिल की हालत

मेरठ जेल में बंद मुस्कान और साहिल नशे की लत से जूझ रहे हैं। जेल प्रशासन ने उनकी मेडिकल जांच कराई जिसमें नशे के लक्षण पाए गए। दोनों को नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती किया गया है जहां उनकी काउंसलिंग और इलाज चल रहा है। जेल सूत्रों के मुताबिक दोनों शुरू में तनाव में थे और साथ रहने की मांग कर रहे थे लेकिन जेल नियमों के तहत यह संभव नहीं था।

फास्ट-ट्रैक कोर्ट में चलेगा केस?

पुलिस इस मामले (Merrut Murder Case) को फास्ट-ट्रैक कोर्ट में ले जाने की तैयारी कर रही है। एक सप्ताह में आरोप पत्र दाखिल होने की संभावना है। अब रेखा जैन के नेतृत्व में कानूनी टीम मुस्कान और साहिल के बचाव की रणनीति बनाएगी। यह मामला न केवल कानूनी लड़ाई का हिस्सा बन गया है बल्कि समाज में रिश्तों और विश्वास पर भी सवाल खड़े कर रहा है। सौरभ के परिवार ने दोनों आरोपियों के लिए सख्त सजा की मांग की है वहीं मुस्कान और साहिल की जिंदगी अब कोर्ट के फैसले पर टिकी है।

Exit mobile version