Site icon News1India

14 दिन बाद मिले मुस्कान और साहिल, आंखों में भावनाएं लेकिन लब रहे खामोश!

Meerut Saurabh Murder Case

Meerut Saurabh Murder Case : मेरठ के चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में आरोपी साहिल शुक्ला और मुस्कान रस्तोगी की न्यायिक हिरासत को 14 दिन और बढ़ा दिया गया है। दोनों को अभी जेल में रहना होगा, और उनकी अगली पेशी 15 अप्रैल को होगी। इस बीच, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई पेशी में दोनों करीब दो हफ्ते बाद एक ही कमरे में आमने-सामने आए, लेकिन बिना कोई बात किए लौट गए।

दो हफ्ते बाद आए आमने-सामने

मेरठ जिला जेल प्रशासन के अनुसार, 14 दिन बाद साहिल और मुस्कान एक-दूसरे के सामने आए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान दोनों ने एक-दूसरे को देखा, लेकिन दो मिनट तक साथ रहने के बावजूद कोई बातचीत नहीं की। इस दौरान दोनों भावुक नजर आए, लेकिन चुपचाप अपनी-अपनी जगह खड़े रहे। पेशी खत्म होते ही उन्हें अलग-अलग बैरकों में वापस भेज दिया गया।

एक ही बैरक में रहने की उठाई मांग

जेल प्रशासन के मुताबिक, मुस्कान और साहिल ने एक ही बैरक में रहने की इच्छा जताई थी, लेकिन जेल मैन्युअल के नियमों के कारण यह अनुरोध ठुकरा दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जेल के नियमों के अनुसार ही कोई भी निर्णय लिया जाता है और फिलहाल दोनों को अलग-अलग बैरकों में ही रहना होगा।

यह भी पढ़ें : संसद में नंबर गेम और राजनीतिक दांव-पेंच, जानिए क्या एनडीए का है संसद में हाल?

जेल में मिला काम

जेल प्रशासन ने दोनों आरोपियों को जेल में उनकी रुचि के अनुसार काम करने की अनुमति दी है। एक तरफ जहां मुस्कान ने सिलाई-कढ़ाई सीखने की इच्छा जताई, जिससे उसे नया कौशल सीखने का मौका मिलेगा। वहीं, साहिल ने खेती-किसानी में रुचि दिखाई, और उसे खेतों में काम करने के लिए नियुक्त कर दिया गया। यह कदम जेल सुधार प्रणाली का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य कैदियों को व्यस्त रखना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ाना है।

साहिल को मिलेगी मेहनत की कमाई

मेरठ जेल प्रशासन के वरिष्ठ अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने बताया कि जेल नियमों के तहत 10 दिन पूरे होने के बाद कैदियों को काम सौंपा जाता है। आपको बता दें कि, साहिल को खेती के बदले प्रतिदिन 50 रुपये मजदूरी दी जाएगी। वहीं, मुस्कान को अभी कोई मेहनताना नहीं मिलेगा, क्योंकि वह सिर्फ प्रशिक्षण ले रही है। जब मुस्कान पूरी तरह से सिलाई-कढ़ाई में निपुण हो जाएगी और वस्त्रों की सिलाई करने लगेगी, तभी उसे मजदूरी देने की व्यवस्था की जाएगी।

Exit mobile version