Surendra Singh Baghel : भोपाल के महिला थाने में कांग्रेस विधायक और मध्य प्रदेश के पूर्व पर्यटन मंत्री सुरेंद्र सिंह बघेल सहित उनके पूरे परिवार के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया गया है। यह शिकायत बघेल के छोटे भाई देवेंद्र सिंह बघेल की पत्नी काम्या सिंह ने की है।
एफआईआर में विधायक सुरेंद्र सिंह बघेल, उनकी पत्नी शिल्पा सिंह बघेल, मां चंद्रकुमारी सिंह, बहन शीतल सिंह और पति देवेंद्र सिंह बघेल के नाम शामिल हैं। काम्या सिंह ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उन्हें दहेज को लेकर प्रताड़ित किया गया। उनका कहना है कि लग्जरी कार की मांग पूरी न करने पर उनके साथ शारीरिक और मानसिक रूप से अत्याचार किया गया।
यह भी पढ़ें : यूपीएससी IFS रिजल्ट जारी, कनिका अनभ बनी टॉपर, पीडीएफ में…
सिर्फ इतना ही नहीं, काम्या ने यह भी दावा किया कि शादी से पहले उन्हें गुमराह किया गया था। उनके अनुसार, उन्हें यह बताया गया था कि देवेंद्र सिंह बघेल ने एमबीए किया है, लेकिन बाद में यह सच सामने आया कि वे सिर्फ आठवीं कक्षा तक ही पढ़े हैं। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85, 351(2), 3(5) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत दर्ज किया गया है। उल्लेखनीय है कि सुरेंद्र सिंह बघेल, कमलनाथ सरकार में पर्यटन मंत्री रह चुके हैं। अब उनके और उनके परिवार पर दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज होने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है।