Abhinandan Varthaman: भारतीय वायुसेना के बाद अभिनंदन वर्धमान की नई जिम्मेदारी,IAF के बाद सिविल एविएशन में रखेंगे कदम

2019 के हवाई मुकाबले के बाद देशभर में चर्चित हुए पूर्व ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान अब भारतीय वायुसेना से अलग होकर सिविल एविएशन में नई पारी शुरू कर चुके हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह गोवा की क्षेत्रीय एयरलाइन FLY91 से जुड़े हैं।

Abhinandan Varthaman: वीर चक्र से सम्मानित अभिनंदन वर्धमान एक बार फिर चर्चा में हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, भारतीय वायुसेना से अलग होने के बाद उन्होंने गोवा की क्षेत्रीय एयरलाइन FLY91 के साथ कमर्शियल एविएशन में कदम रखा है। बताया जा रहा है कि वह अगस्त 2026 में एयरलाइन से बतौर पायलट जुड़े।

हालांकि, वायुसेना छोड़ने की वजह और उनकी नई भूमिका से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक FLY91 के प्रवक्ता ने किसी कर्मचारी की निजी जानकारी का हवाला देते हुए इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार किया है। भारतीय वायुसेना की ओर से भी इस संबंध में कोई औपचारिक घोषणा सामने नहीं आई है।

मार्च 2024 में शुरू हुई थी FLY91 की उड़ान

गोवा स्थित FLY91 ने मार्च 2024 में अपनी व्यावसायिक उड़ान सेवाएं शुरू की थीं। रिपोर्ट के मुताबिक एयरलाइन के बेड़े में फिलहाल छह ATR 72-600 विमान हैं। इसके प्रमुख ऑपरेशनल बेस गोवा और हैदराबाद बताए जाते हैं।

अभिनंदन के लिए यह बदलाव इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि उन्होंने भारतीय वायुसेना में लंबे समय तक फाइटर पायलट के रूप में सेवाएं दी हैं। अब उनका अनुभव सिविल एविएशन में इस्तेमाल होगा।

2019 में F-16 मुकाबले के बाद मिली पहचान

फरवरी 2019 में बालाकोट एयरस्ट्राइक के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया था। इसके बाद दोनों देशों के लड़ाकू विमानों के बीच हवाई मुठभेड़ हुई थी। इसी दौरान अभिनंदन वर्धमान ने पाकिस्तानी F-16 को मार गिराने की कार्रवाई की थी।

इस मिशन के दौरान उनका विमान भी दुर्घटनाग्रस्त हुआ और वह पाकिस्तान में पकड़े गए। करीब तीन दिन बाद उन्हें भारत वापस लाया गया। इस घटना के बाद अभिनंदन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आए।

2021 में मिला वीर चक्र

हवाई मुकाबले में उनके साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए भारत सरकार ने 2021 में उन्हें वीर चक्र से सम्मानित किया। वीर चक्र भारत के युद्धकालीन वीरता पुरस्कारों में तीसरे सर्वोच्च स्तर का सम्मान है।

अब भारतीय वायुसेना के बाद अभिनंदन वर्धमान का कमर्शियल एविएशन से जुड़ना उनके करियर के एक नए अध्याय के रूप में देखा जा रहा है।

Exit mobile version