Amit Shah inaugurates police academy in Assam: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज असम के जोरहाट जिले के डेरगांव में नवीनीकृत लचित बरफुकन पुलिस अकादमी के पहले चरण का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने दूसरे चरण की आधारशिला भी रखी। अमित शाह इस समय असम और मिजोरम के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। वह शुक्रवार शाम को डेरगांव पहुंचे थे।
1,024 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा है नवीनीकरण
अधिकारियों के मुताबिक, यह अकादमी 340 एकड़ में फैली हुई है और इसे दो चरणों में नवीनीकृत किया जा रहा है। इस परियोजना पर कुल 1,024 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
पहले चरण के लिए 167.4 करोड़ रुपये की लागत से कई अहम काम किए गए हैं। इस दौरान पांच मंजिला इमारत को नया रूप दिया गया है, जिसमें स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक हथियार प्रशिक्षण के लिए वेपन स्टिमुलेटर, अनुसंधान प्रयोगशालाएं, प्रशासनिक कार्यालय, एक संग्रहालय और अत्याधुनिक परेड ग्राउंड शामिल हैं।
आधुनिक सुविधाओं से होगा प्रशिक्षण
एक अधिकारी के अनुसार, यह नया बुनियादी ढांचा प्रशिक्षुओं को बेहतर प्रशिक्षण देगा। यहां न केवल सैद्धांतिक बल्कि व्यावहारिक पुलिस प्रशिक्षण भी मिलेगा।
अकादमी में तैयार किया गया संग्रहालय पुलिस के गौरवशाली इतिहास को दर्शाएगा, जबकि परेड ग्राउंड में नए जमाने की ट्रेनिंग सुविधाएं दी जाएंगी।
दूसरे चरण में आवासीय सुविधाएं
दूसरे चरण में 425.48 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसमें अकादमी के लिए आधुनिक आवासीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके तहत
240 परिवारों के लिए आवासीय क्वार्टर बनाए जाएंगे।
312 अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए विशेष हॉस्टल का निर्माण होगा।
2,640 प्रशिक्षुओं के लिए रहने की सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
पुलिस बल को मिलेगा बड़ा फायदा
इस आधुनिक अकादमी से असम पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों को बड़ी सुविधा मिलेगी। पुलिसकर्मियों को अब पहले से कहीं बेहतर ट्रेनिंग मिलेगी, जिससे वे भविष्य की चुनौतियों का सामना अधिक कुशलता से कर सकेंगे।
अमित शाह के इस दौरे से असम में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस सुधारों को लेकर बड़े बदलाव की उम्मीद की जा रही है।