PM-FCT और हेल्थ पासपोर्ट लॉन्च, अमित शाह का दावा, 12 साल में 70 करोड़ गरीबों तक घर, बिजली, पानी, गैस की सुविधाएं पहुंचाईं

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में 70 करोड़ गरीबों को घर, बिजली, पानी, गैस, शौचालय, राशन और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

Amit Shah on Poor Welfare: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को गुजरात के गांधीनगर में पीएम फैमिली केयर ट्रैकर (PM-FCT) पायलट परियोजना और हेल्थ पासपोर्ट की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में गरीबों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए बड़े स्तर पर काम किया है।

70 करोड़ लोगों तक पहुंचीं जरूरी सुविधाएं

अमित शाह ने कहा कि सरकार का सबसे बड़ा लक्ष्य गरीब परिवारों का जीवन आसान बनाना रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में करीब 70 करोड़ लोगों को पक्के घर, बिजली, शौचालय, नल से जल, रसोई गैस, मुफ्त राशन और स्वास्थ्य सेवाओं जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उनके मुताबिक, यह देश का सबसे बड़ा गरीबी दूर करने का अभियान है।

पूर्वांचल की गरीबी का किया जिक्र

अपने संबोधन में गृह मंत्री ने वर्ष 2014 से पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश के दौरों को याद किया। उन्होंने कहा कि वहां जाकर उन्हें बेहद कठिन गरीबी देखने को मिली थी। उन्होंने बताया कि कई परिवारों के पास रहने के लिए घर नहीं थे। जिनके पास झोपड़ी थी, वहां भी बिजली, शौचालय और पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं थीं।

महिलाओं की मुश्किलों का किया उल्लेख

अमित शाह ने कहा कि उस समय गांवों में महिलाएं धुएं वाले पारंपरिक चूल्हों पर खाना बनाती थीं। परिवार दिन-रात मेहनत करके अगले दिन के भोजन का इंतजाम करता था। अगर घर में कोई बीमार पड़ जाता था, तो इलाज कराना भी आसान नहीं होता था। कई लोगों के पास अस्पताल तक पहुंचने या इलाज का खर्च उठाने की क्षमता नहीं थी।

सरकारी योजनाओं से बदली तस्वीर

गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने कई जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए इन समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि अब तक तीन करोड़ पक्के घर बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि एक करोड़ और घरों का निर्माण चल रहा है। इसके अलावा गरीब परिवारों को मुफ्त राशन और पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा भी दी जा रही है।

पांच पीढ़ियों का सपना हुआ पूरा

अमित शाह ने कहा कि कई लाभार्थियों ने उन्हें बताया कि उनके परिवार की पांच पीढ़ियों में पहली बार ऐसा घर मिला है, जहां गैस, बिजली, शौचालय, पीने का पानी और अन्य सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने इसे गरीब परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव बताया।

PM-FCT से मिलेगी बेहतर निगरानी

गृह मंत्री ने कहा कि पीएम फैमिली केयर ट्रैकर योजना कल्याणकारी योजनाओं का अगला महत्वपूर्ण कदम है। इसके जरिए गरीब परिवारों के बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा पर एकीकृत तरीके से नजर रखी जाएगी, ताकि उन्हें समय पर सभी जरूरी सुविधाएं मिल सकें।

Exit mobile version