भारत और आसियान देशों ने वर्ष 2026 को ‘आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष’ के रूप में मनाने का फैसला किया है। इसी के तहत आगामी शिखर सम्मेलन में समुद्री सुरक्षा और सहयोग को प्रमुखता मिलने की उम्मीद है। वर्ष 2027 में भारत और आसियान के बीच संवाद संबंधों के 35 साल पूरे होंगे। इसी वर्ष व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच वर्ष भी पूरे होंगे। सम्मेलन में दोनों पक्ष साझेदारी की प्रगति की समीक्षा करेंगे और आसियान-भारत कार्य योजना 2026-2030 को लागू करने पर चर्चा करेंगे।
मोदी का फिलीपींस दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मनीला पहुंचने पर फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर की ओर से आयोजित रात्रिभोज के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके अगले दिन 23वां आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वां पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शीर्ष नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। इन बैठकों में आपसी संबंधों, क्षेत्रीय सहयोग और साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर बातचीत होगी।
122 अरब डॉलर का व्यापार
भारत और आसियान के बीच आर्थिक संबंध भी सम्मेलन के प्रमुख एजेंडे में शामिल हैं। विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) रुद्रेंद्र टंडन के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच कुल व्यापार करीब 122 अरब डॉलर है। उन्होंने कहा कि दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ मजबूत रणनीतिक संबंध भारत के लिए महत्वपूर्ण हैं। इससे बदलते भू-राजनीतिक हालात का सामना करने और एशिया में शांति एवं स्थिरता बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
भविष्य की राह पर चर्चा
इस वर्ष आसियान शिखर सम्मेलन और उससे जुड़ी बैठकों की थीम ‘नेविगेटिंग द फ्यूचर’ रखी गई है। इसका उद्देश्य बदलती वैश्विक परिस्थितियों के बीच क्षेत्रीय सहयोग को आगे बढ़ाना है। पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन आसियान के नेतृत्व वाला आठ नेताओं का मंच है, जहां क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा होती है। फिलीपींस की अध्यक्षता में होने वाली बैठकों में सुरक्षा चुनौतियों, आपसी सहयोग और एशिया में स्थिरता बनाए रखने के उपायों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

