Flight Fare: हवाई ईंधन (ATF) की कीमतों को लेकर बुधवार को मचे हड़कंप के बीच इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) ने स्थिति साफ कर दी है। पहले आई खबरों में दावा किया जा रहा था कि दिल्ली में एटीएफ के दाम 115 प्रतिशत बढ़कर ₹2.07 लाख प्रति किलोलीटर हो गए हैं, लेकिन अब कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह बढ़ोतरी मात्र 8.6 प्रतिशत की है। इस संशोधन के बाद राजधानी दिल्ली में एटीएफ की नई कीमत ₹1.04 लाख प्रति किलोलीटर तय की गई है। पिछले महीने दिल्ली में यह दर ₹96,638.14 प्रति किलोलीटर थी।
प्रमुख शहरों में एटीएफ की नई दरें
देश के अन्य महानगरों में भी जेट फ्यूल की कीमतों में बदलाव देखा गया है। मुंबई में अब एटीएफ की कीमत ₹98,247 प्रति किलोलीटर है, जो पिछले महीने ₹90,451.87 थी। कोलकाता में दरें ₹99,587 से बढ़कर ₹1.09 लाख और चेन्नई में ₹1.00 लाख से बढ़कर ₹1.09 लाख प्रति किलोलीटर हो गई हैं। आंकड़ों के लिहाज से मुंबई अभी भी उन प्रमुख शहरों में शामिल है जहाँ एटीएफ के रेट सबसे कम बने हुए हैं।
महंगा हो सकता है हवाई सफर
एटीएफ की कीमतों में हुई इस ताजा बढ़ोतरी का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ने की आशंका है। एयरलाइन कंपनियों के परिचालन खर्च का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा ईंधन पर खर्च होता है। ऐसे में जेट फ्यूल महंगा होने का बोझ कंपनियां हवाई किराए में वृद्धि कर ग्राहकों पर डाल सकती हैं। इस बढ़ोतरी के चलते शेयर बाजार में इंडिगो (InterGlobe Aviation) और स्पाइसजेट जैसी एयरलाइन कंपनियों के स्टॉक्स पर निवेशकों की पैनी नजर रहेगी।
देश में ईंधन की पर्याप्त आपूर्ति
दिलचस्प बात यह है कि जेट फ्यूल के दाम बढ़ाने का फैसला उस समय आया है, जब नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने हाल ही में राज्यसभा में देश में ईंधन की स्थिति पर भरोसा जताया था। मध्य पूर्व संकट के बीच तेल की कमी की आशंकाओं को खारिज करते हुए उन्होंने कहा था कि भारत के पास अगले 60 दिनों के लिए एटीएफ की बिना किसी रुकावट के आपूर्ति मौजूद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत में एटीएफ का जितना उत्पादन होता है, उसका आधा हिस्सा घरेलू खपत के लिए पर्याप्त है और बाकी का निर्यात किया जाता है।
2. एटीएफ दरें मार्च बनाम अप्रैल 2026
* दिल्ली: ₹1,04,927 (पिछले महीने ₹96,638)
* मुंबई: ₹98,247 (पिछले महीने ₹90,451)
* कोलकाता: ₹1,09,450 (पिछले महीने ₹99,587)
* चेन्नई: ₹1,09,873 (पिछले महीने ₹1,00,280)






