Site icon News1India

Ayushman Card : आयुष्मान कार्ड बनवाते समय किन गलतियों से बचें, रिजेक्ट हो जाएगा आवेदन; क्या हैं जरूरी नियम?

Ayushman Card

Ayushman Card:केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को हर साल 5 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा दी जाती है। इस योजना का लाभ लेने के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाना जरूरी है। हालांकि, आवेदन करते समय कुछ गलतियां होने पर प्रक्रिया अटक सकती है या आवेदन रिजेक्ट हो सकता है। इसलिए कार्ड बनवाने से पहले जरूरी दिशा-निर्देशों को समझना फायदेमंद है।

आधार की जानकारी सही

आयुष्मान कार्ड बनवाते समय आधार कार्ड और आवेदन में दी गई जानकारी एक जैसी होनी चाहिए। नाम, पता और जन्मतिथि जैसी जानकारियों में अंतर होने पर आवेदन में परेशानी आ सकती है। इसलिए आवेदन करने से पहले आधार का विवरण अच्छी तरह जांच लें। अगर नाम की स्पेलिंग, पता या जन्मतिथि में गलती है, तो पहले नजदीकी आधार केंद्र पर जाकर उसे ठीक करवाएं। इसके बाद ही आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन करें।

लाइव फोटो जरूरी है

आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करनी होती है। इस दौरान लाभार्थी की लाइव फोटो ली जाती है। ऐसे में पासपोर्ट साइज फोटो, पुरानी तस्वीर या किसी दूसरे व्यक्ति की फोटो का इस्तेमाल करने से बचें। ई-केवाईसी के दौरान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लाइव फोटो ही दें। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कार्ड सही लाभार्थी के नाम पर बने और योजना का गलत इस्तेमाल न हो।

चेहरे की पहचान स्पष्ट

लाइव फोटो लेते समय पर्याप्त रोशनी का ध्यान रखें। तस्वीर में चेहरा साफ और स्पष्ट दिखाई देना चाहिए। आधार कार्ड की तस्वीर और वर्तमान फोटो में भी पहचान का मिलान होना जरूरी है। अगर दोनों तस्वीरों में चेहरा अलग दिखाई देता है, तो आधार की जानकारी और फोटो की जांच करवाएं। जरूरत पड़ने पर नजदीकी आधार केंद्र पर जाकर आधार अपडेट कराएं।

आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए आधिकारिक आयुष्मान ऐप या पोर्टल का इस्तेमाल करें। कार्ड बनवाने की प्रक्रिया मुफ्त है। अगर कोई व्यक्ति कार्ड बनाने के नाम पर पैसे मांगता है, तो इसकी शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1800-1800-4444 या सीजीआरएमएस पोर्टल पर की जा सकती है। आवेदन से संबंधित जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट या नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर से संपर्क करें।

Exit mobile version