Bank Apprentice Recruitment 2026: अगर आप बैंक में नौकरी करना चाहते हैं, लेकिन शुरुआत कहां से करें यह समझ नहीं पा रहे, तो बैंक अप्रेंटिसशिप आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकता है। खासतौर पर फ्रेशर उम्मीदवारों के लिए यह बेहतरीन मौका माना जाता है। इसमें बैंक उम्मीदवारों को अपने यहां ट्रेनिंग देता है और बैंकिंग से जुड़े जरूरी काम सिखाता है। अप्रेंटिसशिप कोई स्थायी नौकरी नहीं होती, बल्कि यह एक तरह की ट्रेनिंग होती है। इसके जरिए उम्मीदवार बैंक के अंदर होने वाले कामों को करीब से समझते हैं। इसमें फॉर्म भरना, दस्तावेज जांचना, ग्राहकों से बातचीत करना और बैंकिंग सिस्टम को समझना शामिल होता है।
बैंक अप्रेंटिस का काम क्या होता है?
बैंक में अप्रेंटिस बनने के बाद उम्मीदवारों को शुरुआती और बेसिक काम दिए जाते हैं। इस दौरान बैंक के सीनियर अधिकारी उन्हें काम समझाते और गाइड करते हैं। सबसे पहले उम्मीदवारों को ग्राहकों की मदद करना सिखाया जाता है। इसमें अकाउंट खुलवाना, फॉर्म भरवाना और बैंक में आने वाले लोगों की सहायता करना शामिल होता है। इसके अलावा दस्तावेजों की जांच और वेरिफिकेशन का काम भी कराया जाता है। बैंकिंग सॉफ्टवेयर पर डेटा एंट्री और बेसिक ऑपरेशन की ट्रेनिंग भी दी जाती है। कई बार कैंडिडेट्स को कैश काउंटर, टोकन सिस्टम और ब्रांच ऑपरेशन से जुड़े काम भी सीखने को मिलते हैं। वहीं, केवाईसी और अकाउंट से जुड़े कार्यों में भी उनकी मदद ली जाती है।
कौन कर सकता है आवेदन?
बैंक अप्रेंटिसशिप के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट होना जरूरी है। आमतौर पर किसी खास अनुभव की जरूरत नहीं होती। एसबीआई और बैंक ऑफ बड़ौदा जैसी भर्तियों में उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 20 साल और अधिकतम उम्र 28 साल तय की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार उम्र में छूट भी मिलती है।
कितनी मिलती है सैलरी?
अप्रेंटिसशिप के दौरान उम्मीदवारों को हर महीने स्टाइपेंड दिया जाता है। फिलहाल बैंकों में लगभग 15 हजार रुपये प्रति माह स्टाइपेंड मिलता है। हालांकि, यह राशि बैंक और शाखा की लोकेशन के हिसाब से थोड़ी अलग हो सकती है।
बैंक ऑफ बड़ौदा भर्ती की जानकारी
बैंक ऑफ बड़ौदा ने 5000 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती निकाली है। उम्मीदवार NAPS और NATS पोर्टल के जरिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 19 मई 2026 से शुरू हो चुकी है और फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 8 जून 2026 तय की गई है। ट्रेनिंग की अवधि 12 महीने होगी।
एसबीआई में भी निकली भर्ती
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने भी 7150 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती का ऐलान किया है। इसकी आवेदन प्रक्रिया भी 19 मई 2026 से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 8 जून 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। उम्मीदवारों का चयन ऑनलाइन परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और लोकल लैंग्वेज टेस्ट के आधार पर किया जाएगा। कुछ बैंक मेरिट के आधार पर भी चयन करते हैं।
