Site icon News1India

Bank Holiday : कल इन राज्यों में बंद रहेंगे बैंक, जाने से पहले एक बार देखें पूरी लिस्ट

Bank Holiday: नई दिल्ली। अगर आप 16 जुलाई 2026, गुरुवार को बैंक शाखा जाने की योजना बना रहे हैं, तो पहले बैंक हॉलिडे की सूची जरूर देख लें। रिजर्व बैंक की छुट्टियों के कैलेंडर के अनुसार 16 जुलाई को ओडिशा, मणिपुर और उत्तराखंड में रथ यात्रा, कांग रथयात्रा और हरेला पर्व के कारण बैंक बंद रहेंगे। इन राज्यों में सरकारी और निजी क्षेत्र के सभी बैंक शाखाएं बंद रहेंगी, जबकि देश के बाकी राज्यों में बैंक सामान्य रूप से काम करेंगे।

इन त्योहारों के कारण रहेगी छुट्टी

ओडिशा में भगवान जगन्नाथ की प्रसिद्ध रथ यात्रा के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे। मणिपुर में कांग रथयात्रा (कांग चिंगबा) मनाई जाएगी, जबकि उत्तराखंड में हरियाली और नई फसल से जुड़े पारंपरिक पर्व हरेला के कारण अवकाश रहेगा।

जुलाई में आगे कब-कब बंद रहेंगे बैंक?

17 जुलाई को मेघालय में यू तिरोत सिंह की पुण्यतिथि पर बैंक बंद रहेंगे। 18 जुलाई को सिक्किम में द्रुकपा त्शे-जी के अवसर पर बैंक अवकाश रहेगा। 19 जुलाई को रविवार होने के कारण पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 22 जुलाई को त्रिपुरा में खारची पूजा, 25 जुलाई को चौथे शनिवार और 26 जुलाई को रविवार के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।

ऑनलाइन बैंकिंग रहेगी चालू

बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई, एटीएम और डिजिटल भुगतान सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहेंगी। ग्राहक इन माध्यमों से अपने अधिकांश बैंकिंग कार्य पूरे कर सकते हैं।

Exit mobile version