Site icon News1India

Bihar news:शादी का जश्न बदला मातम में… तेज़ रफ्तार कार ने मचाई तबाही , बारातियों को कुचला छीनी 4 ज़िंदगियाँ

Bettiah Road Accident

Bettiah Road Accident:बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। बेतिया-बगहा नेशनल हाईवे (NH-727) पर शिकारपुर थाना क्षेत्र के बिशुनपुरवा गांव के पास तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे बारातियों के समूह को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

कैसे हुआ हादसा?

घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बारात गांव की ओर से गुजर रही थी और कई लोग डीजे की धुन पर नाचते हुए हाईवे पार कर रहे थे। तभी बेतिया की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने अचानक नियंत्रण खो दिया। आशंका जताई जा रही है कि या तो कार का ब्रेक फेल हुआ या ड्राइवर ने लापरवाही की, जिसके चलते वाहन बारातियों पर चढ़ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोग दूर जा गिरे और कुछ कार के नीचे दब गए। देखते ही देखते खुशी का माहौल मातम में बदल गया।

मृतकों की पहचान स्थानीय निवासी रामायण यादव (45), छोटेलाल सहानी (52) और दो अन्य व्यक्तियों के रूप में की गई है। गंभीर रूप से घायल लोगों को तुरंत लौरिया सीएचसी और जीएमसीएच बेतिया ले जाया गया। कई की स्थिति गंभीर होने के चलते उन्हें पटना रेफर किया गया है।

हादसे के बाद तनाव, हाईवे जाम

हादसे के तुरंत बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और बारातियों ने हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाया। करीब एक घंटे तक स्थिति तनावपूर्ण रही, लेकिन पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। शिकारपुर पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और ड्राइवर की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को मुख्य कारण माना जा रहा है।

प्रशासन सक्रिय

जिला प्रशासन ने मृतकों के परिवारों को तत्काल राहत राशि देने की घोषणा की है। डीएम और एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल जाना। अधिकारियों ने हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती बढ़ाने और बारात जैसी भीड़भाड़ वाली जगहों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

Exit mobile version