Bihar Assembly Election 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी अब उत्तर प्रदेश तक पहुँच गई है। यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने संकेत दिया है कि उनकी पार्टी बिहार की राजनीति में भी पूरी ताक़त से उतरने जा रही है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में एनडीए गठबंधन की सरकार बनेगी और सुभासपा भी इसी गठबंधन का हिस्सा बनकर चुनाव लड़ेगी।
बुधवार को सुल्तानपुर ज़िले के इसौली में आयोजित एक रैली में शिरकत करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के मौके पर 75 किलो का केक काटा। इस कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सुभासपा, बिहार में एनडीए के साथ मिलकर चुनावी मैदान में उतरेगी और इसकी रूपरेखा लगभग तय हो चुकी है।
इंडिया गठबंधन पर बोला हमला
राजभर ने विपक्षी इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार की जनता ने कांग्रेस और आरजेडी, दोनों के शासन को भुगता है। उन्होंने आरजेडी सरकार के कार्यकाल को “जंगलराज” करार देते हुए कहा कि लोग अब बदलाव चाहते हैं और एनडीए में उन्हें उम्मीद दिख रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इंडिया गठबंधन एनडीए के सामने टिक नहीं पाएगा।
29 सीटों पर लड़ने की तैयारी में सुभासपा
राजभर ने यह भी बताया कि उनकी पार्टी बिहार की 29 विधानसभा सीटों पर दावेदारी पेश कर चुकी है। उनके अनुसार, बिहार में राजभर समाज की उपस्थिति मज़बूत है और कई क्षेत्रों में यह समुदाय निर्णायक भूमिका निभाता है। इसी आधार पर सुभासपा ने चुनावी रणनीति तैयार की है।
यह भी पढ़ें : गोवा की सैर क्यों है खास, समुद्र, संस्कृति और स्वाद का बेहतरीन संगम…
इससे पहले राजभर ने पटना में सुभासपा का राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित किया था, जहाँ उन्होंने कार्यकर्ताओं को बिहार में पार्टी की 20 वर्षों की सक्रियता की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि सुभासपा पहले भी पंचायत, विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भाग ले चुकी है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि बिहार बीजेपी और एनडीए के अन्य शीर्ष नेताओं से उनकी लगभग 70 प्रतिशत बातचीत हो चुकी है और जल्द ही सीटों के बंटवारे पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।