Site icon News1India

India-Pakistan tension के बीच बिहार में बढ़ाई गई सुरक्षा नेपाल बॉर्डर पर सख्ती, चीनी नागरिकों की गिरफ्तारी

Bihar on high alert after Operation Sindoor भारत और पाकिस्तान के बीच हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद से पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। बिहार में भी पुलिस और सुरक्षा बल पूरी तरह चौकन्ने हो गए हैं। खासकर नेपाल से सटे जिलों में अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है, क्योंकि नेपाल की सीमा खुली होने की वजह से घुसपैठ का खतरा बढ़ जाता है।

नेपाल बॉर्डर पर बढ़ाई गई चौकसी

बिहार के जिन जिलों की सीमा नेपाल से मिलती है, वहां कड़ी निगरानी शुरू कर दी गई है। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में बॉर्डर पर सुरक्षा बलों की गश्त बढ़ा दी गई है। यहां अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।

सीमा पर चल रहा सर्च ऑपरेशन

नेपाल सीमा से सटे इलाकों में 10 से 12 किलोमीटर के दायरे में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है और हर गुजरने वाले वाहन की बारीकी से जांच हो रही है। इसी क्रम में मोतिहारी के पास नेपाल बॉर्डर से चीन के हुनान प्रांत के चार नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हो सकते हैं, इसलिए इनसे खुफिया एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं।

बाकी जिलों में भी सुरक्षा के निर्देश

पुलिस मुख्यालय ने बिहार के सभी जिलों को अलर्ट पर रखा है। सभी थानों को निर्देश दिए गए हैं कि होटल, लॉज, धर्मशाला और रुकने की दूसरी जगहों की नियमित जांच करें। वहां आने-जाने वालों की जानकारी रजिस्टर में ठीक से दर्ज की जाए।

इसके साथ ही, बांग्लादेश सीमा से लगे जिलों की सुरक्षा की भी समीक्षा की जा रही है। पुलिस मुख्यालय इन जिलों के IG, DIG और SP से हर दिन रिपोर्ट मंगा रहा है।

CM नीतीश की हाई लेवल मीटिंग

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक हाई लेवल बैठक की है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं और सीमावर्ती जिलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा है।

विदेशों ने भी दिए चेतावनी भरे निर्देश

अमेरिका, इज़रायल और सिंगापुर ने अपने नागरिकों को पाकिस्तान और पीओके (पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर) से दूर रहने की हिदायत दी है। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर की यात्रा टालने की भी सलाह दी गई है।

Exit mobile version