Bihar Leopard Attack : सुपौल के बसंतपुर प्रखंड के रानीगंज क्षेत्र में तेंदुए के आतंक ने ग्रामीणों को भयभीत कर दिया है। मंगलवार (07 जनवरी, 2025) को तेंदुए के हमले में 19 वर्षीय नंदन कुमार और वन विभाग के कर्मी राजेश कुमार यादव समेत चार लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल है।
घटना उस समय हुई जब अशोक मंडल के घर महिलाएं कपड़े सिलवाने में व्यस्त थीं। इसी बीच, नंदन कुमार घर के अंदर गया और चौकी के नीचे से गरजने की आवाज सुनाई दी। जब उसने झांका, तो तेंदुआ नजर आया। तेंदुए ने अचानक नंदन पर हमला कर दिया, जिसे घायल अवस्था में वीरपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पूजा घर में छिपा तेंदुआ
हमले के बाद तेंदुआ गांव के गुलाय मंडल के पूजा घर में घुस गया। ग्रामीणों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह वहां से भी भाग निकला। देर शाम, जब एक महिला पूजा करने गई, तो उसने तेंदुए को देखा और दरवाजा बंद कर दिया। वन विभाग और डायल 112 को सूचित किया गया, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण तेंदुए को पकड़ने में सफलता नहीं मिली।
कई लोगों पर किया हमला
पूजा घर से निकलने के लिए तेंदुए ने दीवार और छत के टीन को तोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान भगवानपुर पंचायत के पीआरएस शिवरंजन कुमार पर हमला हुआ, लेकिन उनकी जैकेट ने उन्हें बचा लिया। तेंदुए के हमले में रतनपुर थाना क्षेत्र के दो अन्य लोग भी घायल हो गए।
यह भी पढ़ें : दिल्ली में कड़ाके की ठंड का कहर, यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में बढ़ेगी कंपकंपी
वन विभाग के रेंजर अजय कुमार ठाकुर ने बताया कि रात में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाना संसाधनों की कमी के कारण मुश्किल हो रहा है। जल्द ही तेंदुए को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा। उधर, ग्रामीणों ने सुरक्षा उपायों और रेस्क्यू संसाधनों की मांग की है। तेंदुए के आतंक ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी है।