BJP National Team: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया। इसमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव, कोषाध्यक्ष और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों के नाम शामिल हैं। बीजेपी ने 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 महासचिव और 16 राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए हैं।
राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में वसुंधरा राजे सिंधिया, तीरथ सिंह रावत, राम माधव और प्रोफेसर तारिक मंसूर जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। वहीं, पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया की कमान
बीजेपी ने सोशल मीडिया विभाग में भी बड़ा बदलाव किया है। लंबे समय से यह जिम्मेदारी संभाल रहे अमित मालवीय की जगह अब दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया विभाग का प्रमुख बनाया गया है। प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव को सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
58 वर्षीय दीपक म्हस्के ने अपने करियर की शुरुआत केमिस्ट्री शिक्षक के तौर पर की थी। वह छत्तीसगढ़ बीजेपी के प्रवक्ता रह चुके हैं। इसके अलावा वह इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड के बोर्ड में स्वतंत्र निदेशक भी रहे हैं। पिछले साल उन्हें छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड का अध्यक्ष बनाया गया था।
अमित मालवीय ने दी नई टीम को बधाई
अमित मालवीय ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए नए पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने खास तौर पर दीपक म्हस्के और सोशल मीडिया विभाग के सह-संयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें पिछले 10 वर्षों में इन लोगों के साथ काम करने का अवसर मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई टीम बीजेपी के डिजिटल कम्युनिकेशन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
टीम में दो मुस्लिम चेहरे
नितिन नबीन की नई टीम में दो प्रमुख मुस्लिम चेहरे भी शामिल किए गए हैं। प्रोफेसर तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि मेरठ से जुड़े कुंवर बासित अली को बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मंसूर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति और उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य हैं।
12 महिलाओं को राष्ट्रीय संगठन में जगह
बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में कुल 12 महिला पदाधिकारी हैं। 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में छह महिलाएं शामिल हैं। इनमें वसुंधरा राजे सिंधिया, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, भारती प्रवीण पवार और मधुचंद्र कर के नाम शामिल हैं। राष्ट्रीय महासचिवों में स्मृति ईरानी एकमात्र महिला हैं, जबकि सचिवों में कविता पाटीदार, फांगनोन कोन्यक और संगीता यादव को जिम्मेदारी मिली है।









