Site icon News1India

Jhansi Medical College : अग्निकांड के बाद झांसी पहुंचे ब्रजेश पाठक, मांगी 10 घंटे की पूरी रिपोर्ट

Jhansi Medical College

Jhansi Medical College : झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार रात आग लगने से हड़कंप मच गया। नीकू वार्ड में अचानक लगी आग में 10 नवजात शिशुओं की मौत हो गई। इस घटना को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पूरी तरह से सतर्क है। इसी बीच, यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक झांसी के मेडिकल कॉलेज पहुंच गए हैं और उन्होंने नवजात शिशुओं के परिवारों से मुलाकात की।

डिप्टी सीएम ने दिए जांच के आदेश

कॉलेज में पत्रकारों से बातचीत करते हुए यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि नवजात शिशुओं की मौत अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। हम परिजनों के साथ मिलकर नवजातों के शव की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि घटना की पहली जांच प्रशासनिक स्तर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जाएगी, दूसरी जांच पुलिस प्रशासन करेगा, और अग्निशमन विभाग की टीम भी जांच प्रक्रिया में शामिल होगी। इसके अलावा, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी। यदि किसी भी तरह की लापरवाही पाई जाती है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार मृतकों के परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव मदद प्रदान की जाएगी।

पीड़ित बच्चों को दिया जाए बेहतरीन उपचार

यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि फरवरी में फायर सेफ्टी का ऑडिट कराया गया था और जून में मॉक ड्रिल भी की गई थी। इस घटना के कारण और उसके कारणों के बारे में जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। उन्होंने बताया कि 7 नवजात शिशुओं के शवों की पहचान हो चुकी है, जबकि 3 शवों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। इसके साथ ही, नवजात शिशुओं के परिवारों को वित्तीय सहायता भी दी जाएगी।

मेडिकल कॉलेज में हुए अग्निकांड पर भाजपा विधायक राजीव सिंह पारीछा ने कहा कि यह एक अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। आग में 10 नवजात शिशुओं की जान चली गई, जबकि लगभग 35 नवजात शिशुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। डॉक्टर घायल शिशुओं को बेहतरीन इलाज दे रहे हैं और सरकार मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों के संपर्क में है। प्रथम दृष्टया आग का कारण शॉर्ट सर्किट लग रहा है।

यह भी पढ़ें : मेडिकल कॉलेज में हुआ भयानक हादसा, आग में झुलसा शिशु वार्ड, 10 बच्चों की गई जान, जारी है रेस्क्यु ऑपरेशन

वहीं, झांसी के कमिश्नर बिमल कुमार दुबे ने कहा कि बच्चों को सर्वोत्तम चिकित्सा सेवा प्रदान की जा रही है और वे जल्द ही स्वस्थ हो जाएंगे।

Exit mobile version