CBI raid on IPS Abhishek Pallav: अभिषेक पल्लव छत्तीसगढ़ कैडर के 2013 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने मेडिकल की पढ़ाई की थी, लेकिन बाद में सिविल सेवा परीक्षा पास कर भारतीय पुलिस सेवा में शामिल हो गए। उनका जन्म 2 सितंबर 1982 को बिहार के बेगूसराय में हुआ था। उनके माता-पिता ऋषि कुमार और आशा देवी हैं।
पत्नी मशहूर त्वचा रोग विशेषज्ञ
अभिषेक पल्लव की पत्नी डॉ. यशा दुर्ग-भिलाई की जानी-मानी त्वचा रोग विशेषज्ञ हैं। पल्लव पहले दंतेवाड़ा के एसपी रह चुके हैं और उस समय चर्चा में आए थे जब उन्होंने एक माओवादी का इलाज किया, जिसे उन्होंने खुद गोली मारी थी। वे दूर-दराज के गांवों में जाकर लोगों का इलाज भी करते रहे हैं।
दोनों सरकारों के रहे करीबी
अभिषेक पल्लव का नाम उन अफसरों में आता है, जो राज्य की पिछली और मौजूदा दोनों सरकारों के करीबी माने जाते रहे हैं। भूपेश बघेल की सरकार में वे लंबे समय तक नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा में एसपी रहे और ‘लोन वर्राटू’ यानी घर वापसी अभियान चलाया। इस अभियान की वजह से कई नक्सलियों ने सरेंडर किया, जिससे उनकी सरकार में अच्छी छवि बनी।
महादेव सट्टा ऐप केस में नाम आया
बाद में उनका ट्रांसफर जांजगीर-चांपा और फिर भूपेश बघेल के गृह जिले दुर्ग में हुआ। कहा जाता है कि इसी दौरान महादेव सट्टा ऐप के बड़े नेटवर्क से इनका नाम जुड़ा। हालांकि, उनकी असल भूमिका क्या रही, यह सीबीआई की जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।
CBI की बड़ी कार्रवाई
बुधवार को सीबीआई ने छत्तीसगढ़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधायक देवेंद्र यादव और कई वरिष्ठ आईपीएस अफसरों के घर छापे मारे। इनमें अभिषेक पल्लव भी शामिल हैं। जैसे ही उनके घर छापे की खबर आई, उन्हें जानने वाले लोग हैरान रह गए।
‘वायरल एसपी’ के नाम से भी मशहूर
अभिषेक पल्लव अपने अलग अंदाज के लिए जाने जाते हैं। वे अपराधियों पर कार्रवाई के वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते थे, जिससे उन्हें ‘वायरल एसपी’ का नाम मिला। उनके काम की तारीफ होती रही है, लेकिन विवाद भी कम नहीं रहे।
कबीरधाम में हुआ विवाद और ट्रांसफर
जब उन्हें डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा के गृह जिले कबीरधाम का एसपी बनाया गया, तो वहां भी उन्होंने कई सकारात्मक काम किए। लेकिन एक हिंसा की घटना के बाद सरकार ने उनका ट्रांसफर कर दिया। उस समय खुद भूपेश बघेल ने भी उन पर सवाल उठाए थे। इसके बाद से उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बना ली थी।