Site icon News1India

Census 2027 :16 नवंबर से खुद कैसे भरे जनगणना के 40 सवाल, घर आने से पहले क्या-क्या बताना होगा?

करीब डेढ़ दशक बाद जनगणना की प्रक्रिया फिर शुरू होने जा रही है। जनगणना 2027 के दूसरे चरण में 1 दिसंबर से प्रगणक घर-घर पहुंचकर लोगों की गिनती करेंगे और परिवार, शिक्षा, सामाजिक स्थिति तथा सुविधाओं से जुड़ी जानकारियां जुटाएंगे। इससे पहले 16 नवंबर से 30 नवंबर तक लोग https://se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर खुद भी 40 सवालों के जवाब भर सकेंगे। इसके लिए पोर्टल पर लॉगिन करके परिवार और सदस्यों से जुड़ी जानकारियां दर्ज करनी होंगी। स्वगणना पूरी होने पर मिलने वाला रेफरेंस नंबर 1 दिसंबर से घर पहुंचने वाले प्रगणक को देना होगा, ताकि वह दर्ज सूचनाओं का सत्यापन कर सके।

दस्तावेज दिखाना जरूरी नहीं

अधिकारियों के मुताबिक, जनगणना के दौरान आधार, वोटर आईडी, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस जैसी पहचान संबंधी जानकारियां मांगी जा सकती हैं, लेकिन इनके दस्तावेज दिखाना अनिवार्य नहीं होगा। प्रगणक केवल इनके नंबर दर्ज करेंगे। इस बार जाति की जानकारी भी जुटाई जाएगी, जिसे लोग खुद घोषित कर सकेंगे। इसके लिए जाति प्रमाणपत्र देने की जरूरत नहीं होगी। जनगणना का पहला चरण हाउसहोल्ड सर्वे मई-जून में पूरा हो चुका है। चुनावों के चलते यूपी समेत पांच राज्यों में दूसरे चरण की प्रक्रिया पहले शुरू की जा रही है, जबकि बाकी राज्यों में यह फरवरी में होगी।

पहली बार जुड़ेंगे नए सवाल

इस बार जनगणना में कुछ नई श्रेणियां भी शामिल की गई हैं। दिव्यांगता के तहत एसिड अटैक पीड़ितों की अलग से गिनती होगी। क्रॉनिक न्यूरोलॉजिकल डिजीज और ब्लड डिसऑर्डर के कारण दिव्यांगता से प्रभावित लोगों का भी अलग आंकड़ा जुटाया जाएगा। विस्थापन से जुड़े सवालों में पहली बार प्राकृतिक आपदा को भी कारण के रूप में शामिल किया गया है। इसके अलावा आर्थिक गतिविधियों में विनिर्माण, निर्माण और सेवा क्षेत्र को अलग-अलग दर्ज किया जाएगा। लोगों से परिवार के सदस्यों के नाम, उम्र, वैवाहिक स्थिति, धर्म, जाति, मातृभाषा, शिक्षा, डिजिटल साक्षरता, रोजगार, व्यवसाय और कार्यस्थल तक पहुंचने के साधन जैसी जानकारियां मांगी जाएंगी।

जानकारी रहेगी पूरी गोपनीय

नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि जनगणना को लेकर शुक्रवार को अधिकारियों के साथ बैठक की गई। उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान जुटाई जाने वाली व्यक्तिगत जानकारी को जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत गोपनीयता और कानूनी संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे प्रगणकों को सही और पूरी जानकारी दें। साथ ही किसी भी व्यक्ति के साथ बैंकिंग पासवर्ड, एटीएम पिन, यूपीआई पिन और ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी साझा न करें।

Exit mobile version