Census 2027 Self Enumeration: जनगणना 2027 के तहत लोगों को इस बार खुद ही अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कराने का मौका मिलेगा। इसके लिए 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनगणना कर्मी घर-घर जाकर लोगों की जानकारी जुटाएंगे। प्रशासन की ओर से लोगों को स्व-गणना के लिए जागरूक किया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) और जिला जनगणना अधिकारी कृष्ण कुमार मिश्रा ने बताया कि स्व-गणना का दूसरा चरण 16 से 30 नवंबर के बीच आयोजित किया जाएगा। इस दौरान नागरिक डिजिटल माध्यम से अपने और परिवार के सदस्यों की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आम लोगों को जनगणना और स्व-गणना की प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया जाए।
स्व-गणना क्यों है जरूरी?
स्व-गणना के जरिए लोगों को जनगणना कर्मियों के घर आने से पहले ही अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन भरने की सुविधा मिलेगी। इसमें परिवार के सदस्यों की संख्या, उम्र, लिंग, शिक्षा, व्यवसाय और अन्य जरूरी जानकारियां दर्ज की जा सकेंगी।
इससे लोग अपनी सुविधा के अनुसार जानकारी भर सकेंगे और जनगणना प्रक्रिया में सीधे भाग ले पाएंगे।
स्व-गणना कैसे करें? जानें पूरा तरीका
स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू होने पर नागरिकों को सरकार की ओर से उपलब्ध कराए गए आधिकारिक जनगणना पोर्टल या ऐप का इस्तेमाल करना होगा। इसकी सामान्य प्रक्रिया इस प्रकार है:
आधिकारिक पोर्टल पर जाएं: सबसे पहले सरकार की ओर से जारी जनगणना पोर्टल या मोबाइल ऐप खोलें।
मोबाइल नंबर से पंजीकरण करें: पोर्टल पर अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें। इसके बाद आए ओटीपी के जरिए नंबर सत्यापित करें।
फॉर्म में जानकारी भरें: लॉगिन करने के बाद स्व-गणना फॉर्म खोलें। इसमें परिवार के मुखिया और अन्य सदस्यों से जुड़ी जरूरी जानकारी दर्ज करें।
जानकारी दोबारा जांचें: फॉर्म जमा करने से पहले सभी जानकारियों को ध्यान से पढ़ लें, ताकि कोई गलती न रह जाए।
फॉर्म सबमिट करें: सभी विवरण सही होने पर फॉर्म जमा कर दें। इसके बाद मिलने वाली रसीद या संदर्भ संख्या को सुरक्षित रख लें।
घर आएंगे जनगणना कर्मी
स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी जनगणना कर्मी निर्धारित अवधि में घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे। ऐसे में ऑनलाइन दर्ज कराई गई जानकारी की पुष्टि के लिए संबंधित रसीद या संदर्भ संख्या अपने पास रखना जरूरी होगा।

