Site icon News1India

सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर CM मोहन यादव ने दी श्रद्धांजलि, निकाली भव्य एकता पदयात्रा

Madhya Pradesh News

Madhya Pradesh News : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार (11 नवंबर) को भोपाल में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सम्मान में निकाली गई ‘एकता पदयात्रा’ का शुभारंभ किया।

सरदार पटेल को नमन, ‘यूनिटी मार्च’ का आगाज

कार्यक्रम की शुरुआत में सीएम मोहन यादव ने पटेल उद्यान में स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने ‘यूनिटी मार्च पदयात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिन्होंने हाथों में एकता के संदेश वाले बैनर थामे रखे थे। यात्रा की अगुवाई सरदार पटेल की प्रतिमा से की गई, जबकि पीछे-पीछे युवा देशभक्ति के नारों से माहौल गुंजा रहे थे।

जगह-जगह लोगों ने पदयात्रा में भाग लेकर राष्ट्रीय एकता और समरसता का संदेश दिया। पदयात्रा के दौरान राजधानी भोपाल में ट्रैफिक पुलिस और प्रशासन ने विशेष सुरक्षा इंतजाम किए। मुख्य चौराहों पर बैरिकेडिंग लगाई गई और मार्गों को अस्थायी रूप से बंद रखा गया ताकि पदयात्रा सुचारू रूप से निकल सके। इस दौरान चारों ओर देशभक्ति और एकता के नारों से वातावरण गूंज उठा और पूरा माहौल श्रद्धा और उत्साह से भरा नजर आया।

सरदार पटेल की जयंती पर पौधारोपण अभियान

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने सरदार पटेल की प्रतिमा के समीप पेड़ लगाया और लोगों से भी इस मुहिम में शामिल होने की अपील की।

इसके अलावा सीएम ने बल्लभ भवन परिसर में रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर राष्ट्रीय एकता का प्रतीकात्मक संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि “सरदार पटेल ने न केवल देश को एकजुट किया, बल्कि हमें अखंड भारत का स्वप्न देखने की प्रेरणा दी।”

Exit mobile version