News1India

जनता दर्शन में छात्रा की गुहार सुन भावुक हुए सीएम योगी, BTech की पढ़ाई के लिए मदद का दिया भरोसा

CM Yogi Janata Darshan: लखनऊ में सोमवार सुबह आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान एक छात्रा की फरियाद ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

BTech की पढ़ाई के लिए मांगी आर्थिक सहायता

जनता दर्शन में पहुंची छात्रा ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसने इंटरमीडिएट की परीक्षा अच्छे अंकों से पास की है और अब वह बीटेक की पढ़ाई करना चाहती है। हालांकि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उसके सामने आगे की पढ़ाई जारी रखने की चुनौती खड़ी हो गई है। छात्रा ने मुख्यमंत्री से आर्थिक सहायता की मांग की।

मार्कशीट देखकर सीएम ने दिया आश्वासन

छात्रा की बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने उसकी मार्कशीट देखी और उसकी मेहनत की सराहना की। उन्होंने छात्रा को पढ़ाई पर पूरा ध्यान देने की सलाह दी और आश्वासन दिया कि उसे लखनऊ के किसी अच्छे संस्थान में प्रवेश दिलाने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसी भी प्रतिभाशाली और जरूरतमंद छात्र की शिक्षा में आर्थिक परेशानी को बाधा नहीं बनने देगी।

अवैध कब्जों और पुलिस की शिकायतों पर सख्ती

जनता दर्शन में कई लोगों ने पुलिस की कथित लापरवाही और अवैध कब्जों से जुड़े मामलों की शिकायत भी मुख्यमंत्री के सामने रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर पीड़ितों को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

स्थानीय स्तर पर समाधान की अपील

कार्यक्रम के दौरान कुछ फरियादियों ने अपनी समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने उनसे पूछा कि क्या उन्होंने पहले जिला या मंडल स्तर के अधिकारियों से संपर्क किया था। कई लोगों ने बताया कि वे सीधे जनता दर्शन में पहुंचे हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहले स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें, क्योंकि अनेक मामलों का निस्तारण वहीं संभव है।

गर्मी में स्वास्थ्य का भी रखें ध्यान

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भीषण गर्मी के दौरान अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि आवश्यक सावधानियां अपनाकर लोग गर्मी से होने वाली परेशानियों से बच सकते हैं।

Exit mobile version