Corona Virus : देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले एक बार फिर बढ़ने लगे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा रविवार सुबह 8 बजे तक जारी किए गए ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, फिलहाल देश में सक्रिय कोविड मामलों की संख्या बढ़कर 3,758 हो गई है। पिछले 24 घंटों में 363 नए मामलों की पुष्टि हुई है, जबकि 1,818 मरीज इलाज के बाद स्वस्थ होकर अस्पताल से छुट्टी पा चुके हैं।
पिछले एक दिन में कोरोना संक्रमण से दो मरीजों की मौत भी दर्ज की गई है। कर्नाटक में 63 वर्षीय एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जिन्हें पहले से ही अन्य स्वास्थ्य समस्याएं थीं। वहीं, केरल में 24 साल की एक युवती की संक्रमण के चलते जान चली गई।
राज्यवार आंकड़ों पर नजर डालें तो केरल में सबसे अधिक 1,400 सक्रिय मामले सामने आए हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में 485, दिल्ली में 436, गुजरात में 320, पश्चिम बंगाल में 287 और कर्नाटक में 238 एक्टिव केस दर्ज किए गए हैं। तमिलनाडु में 199 और उत्तर प्रदेश में 149 मरीजों का इलाज चल रहा है।
बीते 24 घंटे में राज्यों में नए मामले
राज्य | नए केस |
---|---|
पश्चिम बंगाल | 82 |
केरल | 64 |
दिल्ली | 61 |
गुजरात | 55 |
उत्तर प्रदेश | 32 |
महाराष्ट्र | 18 |
तमिलनाडु | 14 |
आंध्र प्रदेश | 6 |
पुडुचेरी | 4 |
हरियाणा | 4 |
कर्नाटक | 4 |
मध्य प्रदेश | 3 |
असम | 3 |
सिक्किम | 3 |
ओडिशा | 2 |
गोवा | 2 |
राजस्थान | 2 |
पंजाब | 1 |
उत्तराखंड | 1 |
राज्य | एक्टिव केस |
---|---|
केरल | 1,400 |
महाराष्ट्र | 485 |
दिल्ली | 436 |
गुजरात | 320 |
पश्चिम बंगाल | 287 |
कर्नाटक | 238 |
तमिलनाडु | 199 |
उत्तर प्रदेश | 149 |
पुडुचेरी | 45 |
राजस्थान | 62 |
हरियाणा | 30 |
आंध्र प्रदेश | 23 |
मध्य प्रदेश | 19 |
पंजाब | 6 |
जम्मू-कश्मीर | 6 |
झारखंड | 6 |
शनिवार को देश में सक्रिय मामलों की संख्या 3,000 के आंकड़े को पार कर गई थी। 24 घंटे में 685 नए मामले सामने आए थे और चार मौतें दर्ज की गई थीं। 22 मई को जहां देश में केवल 257 एक्टिव केस थे, वहीं 26 मई तक यह आंकड़ा बढ़कर 1,010 हो गया और शनिवार को यह 3,395 तक पहुंच गया। स्वास्थ्य विभाग से जुड़े सूत्रों का कहना है कि देश में कोविड-19 की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है। संक्रमण की गंभीरता कम है और अधिकतर मरीज होम क्वारंटीन में रहकर इलाज करा रहे हैं।
यह भी पढ़ें : शर्मिष्ठा पनोली को मिला समंदर पार का साथ, नीदरलैंड के सांसद गिर्ट विल्डर्स…
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के महानिदेशक डॉ. राजीव बेहल ने जानकारी दी कि देश के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों से लिए गए सैंपलों की जीनोम सीक्वेंसिंग से यह पता चला है कि मौजूदा बढ़ोतरी ओमिक्रॉन के ही सबवेरिएंट्स की वजह से हो रही है। इनमें मुख्य रूप से चार सबवेरिएंट्स LF.7, XFG, JN.1 और NB.1.8.1 की पहचान हुई है, जिनमें से पहले तीन सबसे अधिक मामलों में पाए गए हैं। डॉ. बेहल ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि स्थिति चिंताजनक नहीं है, लेकिन सतर्क रहना जरूरी है। संक्रमण पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और समय पर उचित कदम उठाए जा रहे हैं।