Site icon News1India

Diwali Tragedy : दिवाली की रात आग ने कहां-कहां मचाई तबाही? सात बड़े हादसों में कई परिवारों ने गंवाई जान

Diwali Fire Accidents in India: देशभर में दिवाली का त्योहार रोशनी और खुशियों के साथ मनाया गया, लेकिन कई परिवारों के लिए यह दिन जिंदगी का सबसे दर्दनाक दिन बन गया। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और ओडिशा में आग लगने की सात बड़ी घटनाओं में कई लोगों की मौत हो गई। कहीं पटाखों की चिंगारी दुकानों तक पहुंची तो कहीं घरों और इमारतों में लगी आग ने परिवारों को उजाड़ दिया।

धाराशिव में छह मौतें

महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के येडशी गांव में दिवाली की रात करीब ढाई बजे किराना दुकान में आग लग गई। दुकान के ऊपर बने मकान में करंडे परिवार रहता था। आग तेजी से फैलने के कारण परिवार के लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।

हादसे में एक ही परिवार के छह सदस्यों उत्तम त्र्यंबक करंडे, चंद्रकला उत्तम करंडे, गोविंद उत्तम करंडे, ज्योति गोविंद करंडे, गायत्री गोविंद करंडे और सिद्धि गोविंद करंडे की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दो लोगों की जान जलने और चार की दम घुटने से गई। परिवार की एक सदस्य कृष्णा बच गईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। आग की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

कटनी में उजड़ा परिवार

मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही में दिवाली की रात तीन मंजिला इमारत में आग लग गई। आग ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। दूसरी और तीसरी मंजिल पर रहने वाले परिवार के छह सदस्य अंदर फंस गए। धुएं और आग के कारण सभी की दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं, एक पुरुष और तीन बच्चे शामिल थे। हादसे की जानकारी मिलने पर जिला कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा भी मौके पर पहुंचे।

सिवनी में छह की जान गई

सिवनी जिले के छपारा कस्बे में सोमवार सुबह करीब चार से साढ़े चार बजे के बीच तीन मंजिला मकान में आग लग गई। घर में उस समय दस लोग मौजूद थे। चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन छह लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। मृतकों में कुंदन लाल सोनी, उनकी पत्नी राजकुमारी सोनी और परिवार के चार अन्य सदस्य शामिल थे। इनमें 16 वर्षीय आदित्य सोनी भी था। आग लगने का कारण सामने नहीं आया है।

दिल्ली में बच्चे की मौत

दिल्ली के नरेला इलाके में दिवाली की रात करीब 9:45 बजे एक बच्चा घर के सामने अनार पटाखा जला रहा था। इसी दौरान पटाखा फट गया और उसके सीने में गंभीर चोट लग गई। बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।

उज्जैन में बुजुर्ग ने दम तोड़ा

मध्य प्रदेश के उज्जैन में देवास रोड स्थित विश्वकर्मा हार्डवेयर की इमारत में रविवार रात आग लग गई। बुजुर्ग मोहनलाल अंदर फंस गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। आग में लाखों रुपये का सामान भी जल गया।

पाली में तीन दुकानें जलीं

राजस्थान के पाली जिले के फालना में रात करीब दस बजे पटाखों की दुकान में आग लग गई। बताया गया कि पास में पटाखे जला रहे बच्चों की चिंगारी दुकान तक पहुंच गई। आग ने पास की बैटरी और कटलरी की दुकान को भी चपेट में ले लिया। कुल तीन दुकानें जल गईं। हादसे में दो लोगों की मौत हुई और एक व्यक्ति घायल हो गया।

कटक में मासूम की मौत

ओडिशा के कटक के दरगाह बाजार इलाके में सोमवार तड़के करीब चार बजे एक मकान में आग लग गई। हादसे में सात साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। संकरी गलियों के कारण दमकलकर्मियों को बचाव अभियान में परेशानी हुई। करीब तीन घंटे बाद आग पर काबू पाया गया।

मुंबई में 142 फायर कॉल

दिवाली के दौरान मुंबई में दमकल विभाग को रविवार को 142 फायर कॉल मिले। इनमें 137 मामले पटाखों से जुड़े थे। इससे पहले शनिवार को 56 कॉल आए थे। अंधेरी की एक ऊंची इमारत में धुएं से दम घुटने के कारण लिफ्ट ऑपरेटर की मौत हो गई थी।

Exit mobile version