Earth Day 2025: Our Power, Our Planet,हर साल 22 अप्रैल को दुनियाभर में ‘पृथ्वी दिवस’ मनाया जाता है। इस खास दिन का मकसद लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना और यह समझाना होता है कि धरती को साफ-सुथरा और सुरक्षित रखना हमारी ज़िम्मेदारी है।
आज के समय में पेड़ों की कटाई, प्लास्टिक का बढ़ता इस्तेमाल और ग्लोबल वॉर्मिंग जैसी समस्याएं हमारी धरती के लिए खतरा बन चुकी हैं। ऐसे में पृथ्वी दिवस हमें यह याद दिलाता है कि अगर हम अभी नहीं जागे तो भविष्य में हालात और खराब हो सकते हैं।
2025 में कब है पृथ्वी दिवस?
इस साल पृथ्वी दिवस मंगलवार, 22 अप्रैल 2025 को मनाया जाएगा। इस दिन स्कूल, कॉलेज, ऑफिस और समाजिक संस्थाएं मिलकर पौधे लगाते हैं, सफाई अभियान चलाते हैं और लोगों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाने के लिए तरह-तरह की गतिविधियां करते हैं।
इस साल की थीम क्या है?
साल 2025 की थीम है। “हमारी ताकत, हमारा ग्रह” (Our Power, Our Planet)। इस थीम का मतलब है कि धरती को बचाने की ताकत हमारे ही हाथों में है। अगर हम सब मिलकर छोटी-छोटी आदतें बदल लें जैसे प्लास्टिक की जगह कपड़े के बैग इस्तेमाल करना, बिजली-पानी की बचत करना, ज्यादा पेड़ लगाना,तो धरती को काफी हद तक सुरक्षित किया जा सकता है।
पृथ्वी दिवस का इतिहास
पृथ्वी दिवस की शुरुआत सबसे पहले अमेरिका में 1970 में हुई थी। उस समय लोगों को यह बताने की ज़रूरत महसूस हुई कि पर्यावरण की देखभाल करना कितना जरूरी है। धीरे-धीरे ये दिन पूरी दुनिया में मनाया जाने लगा। आज 190 से ज्यादा देश इस दिन को पर्यावरण जागरूकता के तौर पर मनाते हैं।
हम क्या कर सकते हैं?
हम सभी छोटे-छोटे बदलावों से बड़ा असर ला सकते हैं।
हर साल कम से कम एक पौधा लगाएं।
बिजली और पानी का दुरुपयोग न करें।
प्लास्टिक की जगह इको-फ्रेंडली चीजें अपनाएं।
कूड़ा-कचरा सड़क पर ना फेंकें।
पर्यावरण से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लें और दूसरों को भी प्रेरित करें।
पृथ्वी हमारी मां है और इसका ख्याल रखना हमारा फर्ज है। पृथ्वी दिवस हमें यह सोचने का मौका देता है कि हम इस धरती को कैसे बेहतर बना सकते हैं। इस दिन हम सबको मिलकर यह वादा करना चाहिए कि हम आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ और सुंदर धरती देंगे।