Eknath Shinde : महाराष्ट्र में बीजेपी विधायक दल की बैठक में देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री के रूप में चुना गया है। इसके बाद उन्होंने राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। इस बीच, सभी की निगाहें एकनाथ शिंदे पर टिकी हुई हैं। क्या शिंदे देवेंद्र फडणवीस की कैबिनेट का हिस्सा बनेंगे? क्या वे उपमुख्यमंत्री का पद स्वीकार करेंगे? देवेंद्र फडणवीस के बयान ने इस चर्चा को और तेज कर दिया है। दावा पेश करने के बाद फडणवीस ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि एकनाथ शिंदे हमारी सरकार का हिस्सा होंगे और मंत्रियों के नाम शपथ ग्रहण से पहले तय हो जाएंगे।
सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद, फडणवीस, शिंदे और अजित पवार ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुख्यमंत्री का पद तकनीकी है, लेकिन तीनों (फडणवीस, शिंदे और अजित) मिलकर निर्णय लेंगे।
देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “एकनाथ शिंदे और अजित पवार ने सीएम पद के लिए मेरा नाम प्रस्तावित किया. मैंने शिंदे से यह अनुरोध किया है कि वह सरकार का हिस्सा बने रहें और हमें उनसे सकारात्मक प्रतिक्रिया की उम्मीद है. हम मिलकर सरकार चलाएंगे और जनता से किए गए वादों को पूरा करेंगे।”

