EPF ECR Filing Last Date: नौकरीपेशा कर्मचारियों और कंपनियों के लिए 15 नवंबर 2026 की तारीख अहम है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने नियोक्ताओं को अक्टूबर महीने का इलेक्ट्रॉनिक चालान-कम-रिटर्न (ECR) दाखिल करने और उससे जुड़ा PF अंशदान जमा करने की याद दिलाई है। EPFO ने 12 नवंबर को अपने आधिकारिक X अकाउंट पर पोस्ट कर कंपनियों से तय समय पर यह प्रक्रिया पूरी करने को कहा था। इस बार 15 नवंबर रविवार को पड़ रहा है।
ECR फाइल करने के साथ PF का पैसा जमा करना भी जरूरी
ECR एक मासिक इलेक्ट्रॉनिक रिटर्न है, जिसके जरिए कंपनी कर्मचारियों की सैलरी और PF योगदान की जानकारी EPFO को देती है। केवल रिटर्न अपलोड करना पर्याप्त नहीं है। कंपनी को उससे जुड़ा चालान भी जनरेट करके निर्धारित PF अंशदान का भुगतान पूरा करना होता है।
EPFO के मुताबिक, अक्टूबर 2026 के वेतन महीने का ECR और देय PF योगदान 15 नवंबर तक जमा किया जाना है। कंपनियों को कर्मचारी की जानकारी, वेतन और PF कटौती के आंकड़ों की जांच करके भुगतान पूरा करना चाहिए।
देरी होने पर कंपनी पर लग सकता है ब्याज और हर्जाना
अगर कंपनी तय समय पर PF का भुगतान नहीं करती है, तो उस पर नियमों के मुताबिक ब्याज और हर्जाना लगाया जा सकता है। EPF कानून की धारा 7Q के तहत बकाया रकम पर ब्याज और धारा 14B के तहत देरी के लिए हर्जाने का प्रावधान है। इसकी जिम्मेदारी नियोक्ता की होती है।
कर्मचारियों के लिए भी समय पर भुगतान जरूरी है, क्योंकि कंपनी की ओर से योगदान जमा होने के बाद ही PF खाते में संबंधित राशि दिखाई देती है। भुगतान में देरी होने पर पासबुक में योगदान की एंट्री भी देर से हो सकती है।
ऐसे चेक करें अपना PF बैलेंस
कर्मचारी अपने PF खाते में योगदान की जानकारी ऑनलाइन देख सकते हैं। इसके लिए:
-
EPFO की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं या UMANG ऐप खोलें।
-
UAN और पासवर्ड की मदद से लॉग-इन करें।
-
‘View Passbook’ विकल्प चुनें।
-
संबंधित महीने के योगदान और कर्मचारी व नियोक्ता के हिस्से की जानकारी देखें।
अगर अक्टूबर का योगदान दिखाई नहीं देता है, तो पहले अपनी कंपनी के HR या पेरोल विभाग से संपर्क करें।
सितंबर महीने के लिए मिली थी अलग समयसीमा
ध्यान दें कि सितंबर 2026 के ECR की अंतिम तारीख तकनीकी और अन्य दिक्कतों के चलते बढ़ाकर 31 अक्टूबर की गई थी। यह छूट केवल सितंबर महीने के लिए थी। अक्टूबर के ECR के लिए 15 नवंबर की समयसीमा अलग है।

