Site icon News1India

Bihar Elections:बिहार चुनाव पर पूरी दुनिया की नज़र, सात देशों के राजनयिक पहुंचे किसकी रैली देखने

Bihar election 2025 foreign diplomats witness PM Modi rally

Global Attention on Bihar Elections: बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी और प्रधानमंत्री मोदी के प्रचार अभियान ने दुनिया का ध्यान खींचा। सात देशों के राजनयिकों ने बिहार का दौरा कर चुनावी माहौल और पार्टी की रणनीति को करीब से देखा।

दुनिया के कई देशों की नजर

बिहार विधानसभा चुनाव सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई देशों के लिए दिलचस्प विषय बन गया है। इस बार के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रचार अभियान ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिज्ञासा बढ़ा दी है। जापान, इंडोनेशिया, डेनमार्क, ऑस्ट्रेलिया, यूनाइटेड किंगडम (ब्रिटेन), भूटान और दक्षिण अफ्रीका के राजनयिकों का एक प्रतिनिधिमंडल बिहार पहुंचा, जिसने दो दिन तक यहां के चुनावी माहौल का जायजा लिया।

कितने देश का डेलीगेट आया

यह सात देशों का दल रविवार को बिहार आया था और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आरा में हुई एक विशाल जनसभा में हिस्सा लिया। वहां मौजूद भारी भीड़ और लोगों के उत्साह को देखकर विदेशी प्रतिनिधियों ने भारतीय लोकतंत्र की जीवंतता की सराहना की।

मोदी की रैली ने खींचा ध्यान

आरा में मोदी की रैली ने खींचा ध्यान
राजनयिकों का यह दल बीजेपी के प्रचार अभियान को समझने और पार्टी की चुनावी रणनीतियों को करीब से देखने आया था। बीजेपी के विदेश मामलों के प्रभारी विजय चौथाईवाले ने बताया कि, “प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री मोदी की रैली में लोगों के जोश और सहभागिता को देखा। उन्होंने महसूस किया कि भारत में चुनाव केवल राजनीति नहीं, बल्कि लोकतंत्र का उत्सव हैं।”

बीजेपी नेताओं से की मुलाकात

अपने दो दिन के बिहार दौरे के दौरान राजनयिकों ने बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं रवि शंकर प्रसाद, धर्मेंद्र प्रधान और विनोद तावड़े से मुलाकात की। उन्होंने जमीनी स्तर पर चल रहे घर-घर प्रचार अभियान को भी देखा और कार्यकर्ताओं की भूमिका को समझा। पटना में बीजेपी के राज्य मुख्यालय में जाकर उन्होंने पार्टी की संगठनात्मक संरचना, संचार व्यवस्था और चुनाव प्रबंधन प्रणाली के बारे में जानकारी ली।

विजय चौथाईवाले ने बताया कि इस दौरे का मुख्य उद्देश्य विदेशी प्रतिनिधियों को यह दिखाना था कि भारत का लोकतंत्र कितना व्यापक और सशक्त है। उन्होंने पार्टी की स्थानीय गतिविधियों और राष्ट्रीय रणनीतियों का गहराई से अध्ययन किया ताकि यह समझ सकें कि इतने बड़े स्तर पर चुनाव अभियान कैसे चलाया जाता है।

दो चरणों में होगा मतदान

बिहार में विधानसभा चुनाव दो चरणों में कराए जा रहे हैं। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को 121 सीटों पर होगा, जबकि दूसरे चरण में 11 नवंबर को 122 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी। इन चुनावों को लेकर न सिर्फ देश, बल्कि पूरी दुनिया की नज़र बिहार पर टिकी है, क्योंकि भारत का लोकतंत्र अपने पैमाने और जनभागीदारी के लिए हमेशा से मिसाल रहा है।

Exit mobile version