पूर्व CM विजय रुपाणी, संजय गांधी से लेकर जनरल विपिन रावत तक, भारत में विमान हादसों में गई इन बड़े नेताओं की जान

गुरुवार दोपहर को अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन के लिए रवाना हुआ एयर इंडिया का बोइंग-787 ड्रीमलाइनर विमान टेक-ऑफ के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

Vijay Rupani Death

Vijay Rupani Death : गुरुवार दोपहर को अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन के लिए रवाना हुआ एयर इंडिया का बोइंग-787 ड्रीमलाइनर विमान टेक-ऑफ के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। महज कुछ ही क्षणों में यह विशाल विमान आग के भीषण गोले में बदल गया और भयंकर धमाके के साथ ज़मीन से टकराया। हादसे के बाद पूरे अहमदाबाद शहर में धुएं का घना गुबार फैल गया।

इस विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत कुल 242 लोग सवार थे। यात्रियों में 169 भारतीय, 73 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक शामिल थे। दु:खद रूप से, सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। विमान जिस इमारत से टकराया, उसमें सिविल अस्पताल के डॉक्टर्स और स्टाफ रहते थे। हादसे में अस्पताल के 15 चिकित्सक घायल हुए हैं और घटनास्थल से अब तक 100 से अधिक शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी पहचान करना बेहद मुश्किल हो रहा है। शवों की शिनाख्त के लिए अब डीएनए परीक्षण कराया जा रहा है।

भारत के इतिहास में हुए कुछ बड़े विमान हादसों में जान गंवाने वाली प्रमुख हस्तियां

1. जनरल बिपिन रावत (CDS)
8 दिसंबर 2021 को भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत, तमिलनाडु के कुन्नूर में सेना के हेलिकॉप्टर दुर्घटना में मारे गए थे। हेलिकॉप्टर में 14 लोग सवार थे, जिनमें से 13 की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई थी।

2. दोरजी खांडू (अरुणाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री)
30 अप्रैल 2011 को पवन हंस हेलिकॉप्टर में सवार होकर तवांग से ईटानगर जा रहे मुख्यमंत्री दोरजी खांडू लापता हो गए थे। कई दिनों बाद उनका शव और हेलिकॉप्टर का मलबा मिला। इस हादसे में पांच लोग मारे गए।

3. वाई.एस. राजशेखर रेड्डी (आंध्र प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री)
2 सितंबर 2009 को आधिकारिक दौरे पर जाते समय उनका हेलिकॉप्टर नल्लामाला के जंगलों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में YSR रेड्डी सहित पांच लोगों की मौत हो गई थी।

4. ओ.पी. जिंदल और सुरेंद्र सिंह (हरियाणा सरकार के मंत्री)
31 मार्च 2005 को चंडीगढ़ से दिल्ली जाते हुए उनके हेलिकॉप्टर का सहारनपुर के पास हादसा हुआ। दोनों मंत्रियों सहित तीन लोगों की जान गई, दो बचे थे।

5. साइप्रियन आर. संगमा (मेघालय के पूर्व मंत्री)
22 सितंबर 2004 को मेघालय से शिलॉंग जा रहे हेलिकॉप्टर में साइप्रियन संगमा समेत 10 लोग सवार थे। किरदेम कोलाई क्षेत्र में हादसे में सभी की मौत हो गई।

6. जी.एम.सी. बालयोगी (लोकसभा अध्यक्ष)
3 मार्च 2002 को लोकसभा अध्यक्ष बालयोगी की हेलिकॉप्टर दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। उस समय वे संसद के 12वें सत्र के अध्यक्ष थे।

7. माधवराव सिंधिया (कांग्रेस नेता)
30 सितंबर 2001 को नई दिल्ली से कानपुर जा रहे विमान में दुर्घटना के चलते सिंधिया समेत सभी सवार लोगों की मौत हो गई।

8. सुरेंद्र नाथ (पंजाब के पूर्व राज्यपाल)
9 जुलाई 1994 को हिमाचल प्रदेश के दौरे पर जाते समय उनका हेलिकॉप्टर कुल्लू के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसमें उनके परिवार के 10 सदस्य भी शामिल थे।

यह भी पढ़ें : 11 साल पुराना Boeing 787 Dreamliner, 7000 KM की उड़ान पर था… अहमदाबाद…

9. संजय गांधी (पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बेटे)
23 जून 1980 को संजय गांधी ने खुद विमान उड़ाया था, लेकिन कलाबाजी के दौरान संतुलन खोने से विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उनके साथ एक प्रशिक्षक की भी मृत्यु हुई।

10. बलवंत राय मेहता (गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री)
1965 के भारत-पाक युद्ध के दौरान पाकिस्तानी फाइटर जेट ने उनके हेलिकॉप्टर को मार गिराया था। इस हादसे में मुख्यमंत्री समेत पांच लोग मारे गए थे।

11. डॉ. होमी जे. भाभा (भारतीय परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम के जनक)
24 जनवरी 1966 को एयर इंडिया के बोइंग 707 विमान में सवार होकर न्यूयॉर्क जा रहे डॉ. भाभा का विमान मोंट ब्लांक पर्वत से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसमें 128 लोगों की जान गई। इस हादसे के पीछे साजिश होने के दावे भी सामने आए थे।

Exit mobile version