Ganga Expressway Plantation: गंगा एक्सप्रेस-वे पर यात्रा करने वालों के लिए अच्छी खबर है। सरकार ने एक्सप्रेस-वे के किनारे बड़े स्तर पर पौधारोपण कराने का फैसला लिया है। इसका मकसद सड़क को हरियाली से भरना और यात्रियों को बेहतर माहौल देना है। प्रयागराज में भी इसकी तैयारी तेज हो गई है। यहां छायादार, फलदार और फूलों वाले हजारों पौधे लगाए जाएंगे, जिससे सफर पहले से ज्यादा सुहाना और यादगार बनेगा।
12 हजार पौधे लगाने की तैयारी
प्रयागराज से मेरठ तक बनने वाले गंगा एक्सप्रेस-वे का करीब 16 किलोमीटर हिस्सा प्रयागराज जिले में आता है। वन विभाग इसी इलाके में पौधारोपण करेगा। इसके लिए करीब 12 हेक्टेयर जमीन चिन्हित की गई है। यहां लगभग 12 हजार पौधे लगाए जाने की योजना है। इनमें अर्जुन, जामुन, पीपल, बरगद, पाकड़, नीम जैसी छायादार और फलदार प्रजातियों के साथ गुलमोहर और अमलतास जैसे खूबसूरत फूलों वाले पेड़ भी शामिल किए गए हैं।
एक तरफ ही लगाए जाएंगे पौधे
अधिकारियों के अनुसार, शुरुआत में दोनों तरफ पौधे लगाने की योजना थी, लेकिन जगह की कमी के कारण यह संभव नहीं हो पाया। अब प्रयागराज से मेरठ जाने वाली लेन के किनारे ही पौधारोपण किया जाएगा। पौधों को तय दूरी पर लगाया जाएगा ताकि बड़े होने पर उन्हें पर्याप्त जगह मिल सके और उनके विकास में कोई रुकावट न आए।
मानसून में शुरू होगा अभियान
वन विभाग ने पौधारोपण की तैयारी पहले ही शुरू कर दी है। विभाग की नर्सरियों में पौधे तैयार किए जा रहे हैं। मानसून शुरू होते ही इन्हें एक्सप्रेस-वे के किनारे लगाया जाएगा। बारिश का मौसम पौधों की अच्छी बढ़त के लिए सबसे अनुकूल माना जाता है, इसलिए इसी दौरान अभियान चलाया जाएगा।
10 साल तक होगी देखरेख
गंगा एक्सप्रेस-वे के किनारे लगाए जाने वाले पौधों की जिम्मेदारी सिर्फ रोपण तक सीमित नहीं रहेगी। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) वन विभाग को इसके लिए बजट उपलब्ध कराएगा। इसी बजट से पौधों की देखभाल और रखरखाव अगले 10 वर्षों तक किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पौधे सुरक्षित रह सकें।
यात्रियों को मिलेगा बेहतर अनुभव
डीएफओ अरविंद कुमार यादव के अनुसार, इस अभियान में फलदार, छायादार और फूलों वाले पौधों को खास तौर पर शामिल किया गया है। इससे न सिर्फ पर्यावरण को फायदा होगा, बल्कि एक्सप्रेस-वे के आसपास का पूरा इलाका भी अधिक सुंदर दिखाई देगा। आने वाले समय में यात्रियों को हरियाली और रंग-बिरंगे फूलों के बीच सफर करने का अलग ही अनुभव मिलेगा।Title: गंगा एक्सप्रेस-वे के किनारे लगाए जाएंगे 12 हजार पौधे, हरियाली से खूबसूरत होगा सफर
